योगेंद्र मलिक
देहरादून, 20 जून 2026:
पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में शानदार काम के लिए उत्तराखंड पुलिस को देशभर में पहला स्थान हासिल हुआ है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन के आधार पर भारत सरकार ने राज्य पुलिस को प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस से सम्मानित किया है।
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उत्तराखंड पुलिस की तरफ से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कहा कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिकों के लिए आसान बनाने की दिशा में किए गए लगातार प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों के काम की नियमित समीक्षा की गई और तकनीकी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल से तय समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन सुनिश्चित किया गया।
डीजीपी ने कहा कि विभाग ने नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के मकसद से पूरी प्रक्रिया को सरल, तेज और ज्यादा प्रभावी बनाने पर खास ध्यान दिया। इसी वजह से उत्तराखंड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान हासिल किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर राज्य पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोगों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड पुलिस को मिला यह सम्मान इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।






