Varansi News : दिखावे में कपड़ों का धंधा, पीछे पटाखों का खेल! धमाके के बाद पुलिस ने राजू खान को मुठभेड़ में दबोचा
सारनाथ में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद फरार था आरोपी, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, पहले भी जेल जा चुका था राजू, मां फरार, पत्नी व बच्चे घायल

वाराणसी, 16 अक्टूबर 2026:
यूपी के वाराणसी स्थित सारनाथ क्षेत्र के पैगंबरपुर में पटाखों के धमाके से मकान जमींदोज होने के बाद अब अवैध कारोबार की परतें खुलने लगी हैं। विस्फोट के बाद फरार हुए पटाखा कारोबारी राजू खान को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सरायमोहाना घाट के पास गश्त के दौरान मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।
धमाके से ढहा था पूरा मकान, परिवार के तीन सदस्य घायल
बता दें कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे सारनाथ थाना क्षेत्र के पंचकोसी स्थित पैगंबरपुर में राजू खान के दो मंजिला मकान में जोरदार विस्फोट हुआ था। धमाका इतना तेज था कि मकान का अगला हिस्सा ढह गया। पुलिस के अनुसार, मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए और जमा किए जा रहे थे। धमाके के बाद जब राजू से घटना के बारे में पूछा गया तो उसने सिलेंडर फटने की बात कही। उसने बताया कि वह मदद लेने जा रहा है। इसके बाद वह अपनी मां के साथ मौके से चला गया। उधर, धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और मकान के पिछले हिस्से में मौजूद राजू की पत्नी चांदनी, बेटे आदिल और बेटी अरबिया को बाहर निकाला।
पत्नी 90 फीसदी झुलसी, बेटा ICU में भर्ती
हादसे में घायल लोगों को कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजू की पत्नी चांदनी (39) करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसे ICU में रखा गया है। राजू के 16 वर्षीय बेटे आदिल खान को भी चोटें आई हैं। उसकी नाक से खून निकला था और उसे भी ICU में भर्ती कराया गया। वहीं, 10 वर्षीय बेटी अरबिया को मामूली चोटें आई हैं। उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
गश्त के दौरान दिखा संदिग्ध, रोकने पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक एयर शो के मद्देनजर पुलिस देर रात सरायमोहाना घाट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को झाड़ियों में एक संदिग्ध दिखाई दिया। सारनाथ पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। गोली सब इंस्पेक्टर अमरजीत की बुलेटप्रूफ जैकेट को छूकर निकल गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान पैगंबरपुर में अवैध पटाखा निर्माण के आरोपों से जुड़े राजू खान के रूप में हुई। विस्फोट के बाद से पुलिस राजू खान और उसकी मां की तलाश कर रही थी। देर रात हुई मुठभेड़ में राजू की गिरफ्तारी के बाद अब उससे पटाखों के निर्माण, भंडारण और विस्फोट से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
विस्फोट इतना तेज था कि राजू का घर तो ध्वस्त हो गया वहीं आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी के कारोबार को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। पड़ोसियों का कहना है कि वो दिखावे के लिए कपड़ों का कारोबार करता था, लेकिन मकान के भीतर रोजाना पटाखे बनाए जाते थे। उनका यह भी दावा है कि राजू पहले भी पटाखे बनाने के मामले में जेल जा चुका था, लेकिन लौटने के बाद भी उसने काम बंद नहीं किया। परिवार के अन्य लोग भी इसमें शामिल थे।

‘मुन्नी पटाखे वाली’ के नाम से मशहूर है मकान, पति व दामाद की धमाके में गई थी जान
पड़ोसियों ने बताया यह मकान मुन्नी नाम की महिला का है, जिसे इलाके में ‘मुन्नी पटाखे वाली’ के नाम से जाना जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुन्नी के पति और दामाद की भी वर्षों पहले पटाखों के धमाके में मौत हो चुकी है। पड़ोसियों के इन बयानों से इलाके में पटाखा निर्माण के पुराने कारोबार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।






