Varansi News: ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो रोकी, सेल्फी लेने लगे दोस्त, ट्रक की ठोकर ने ली 4 की जान
विंध्याचल धाम दर्शन के बाद बर्थडे मनाकर लौट रहे थे दोस्त, रूपापुर के पास हादसे में 4 अन्य दोस्त घायल, ट्रक छोड़कर भागा चालक

वाराणसी, 19 अक्टूबर 2026:
यूपी के वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर सोमवार सुबह सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी दोस्त विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद स्कॉर्पियो से काशी लौट रहे थे। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर गाड़ी रोककर कुछ दोस्त सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद ओवरब्रिज पर बिखरे शव
हादसा सोमवार सुबह करीब 6 बजे NH-19 पर हुआ। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार दोस्त ओवरब्रिज पर गाड़ी खड़ी करके बाहर निकल आए थे। कुछ लोग सेल्फी ले रहे थे, जबकि कुछ रेलिंग के पास खड़े थे। तभी कश्मीर से सेब लादकर झारखंड जा रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कई लोग उछलकर दूर जा गिरे। दो लोग ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे गिर गए। स्कॉर्पियो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस को मौके पर तीन शव ओवरब्रिज पर मिले, जबकि एक शव नीचे पड़ा था। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
शिवपुर से निकले थे सभी आठ दोस्त
बताया गया कि शिवपुर निवासी किशन यादव अपनी स्कॉर्पियो से दोस्तों के साथ विंध्याचल धाम गए थे। इसमें दोस्त निखिल का जन्मदिन भी था। विंध्याचल धाम में दर्शन के बाद दोस्तों ने वहां तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। हादसे के समय स्कॉर्पियो में आठ लोग सवार थे। इनमें चार की मौत हो गई, जबकि चार घायल हैं। निखिल भी गंभीर रूप से घायल बताया गया है। मृतकों की पहचान आनंद यादव 25 वर्ष, आलोक मिश्रा 30 वर्ष, प्रदीप सिंह 36 वर्ष, विद्वांशु यादव 30 वर्ष के रूप में हुई है।
गाड़ी में मिला प्रसाद चुनरी व अन्य सामग्री, सुबह के नजारे को कैद कर रहे थे सेल्फी में
घायलों में सावन यादव 26 वर्ष, किशन यादव 35 वर्ष, राजकुमार यादव 35 वर्ष, निखिल 32 वर्ष शामिल हैं। सभी का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो की तलाशी में प्रसाद के डिब्बे, नारियल, चुनरी सहित पूजा सामग्री मिली। हादसे के समय फ्लाईओवर से सुबह के नजारे को सब एक साथ सेल्फी में कैद करना चाह रहे थे। गाड़ी रोककर बाहर निकलते ही उनका सामना मौत से हो गया।

मौत से परिवारों में पसरा मातम
मृतकों में शामिल प्रदीप सिंह चोलापुर क्षेत्र के एकला गांव के रहने वाले थे। वह ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी मीशो में मैनेजर के पद पर काम करते थे। परिवार में पत्नी और एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। ऐसा ही हाल अन्य युवकों के घरों का रहा। सभी के शव एक साथ मरच्यूरी भेजे गए। यहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा रही। परिजनों की चीखें गूंज रहीं थीं लोग दिलासा तक नहीं दे पा रहे थे।






