Raebareli City

मतदाता दिवस: वोटरों ने ली शपथ…उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ व सुपरवाइजर सम्मानित

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ आयोजन, 14 हजार नए मतदाताओं के फॉर्म भरवाए गए, नए वोटरों को बैज लगाया

विजय पटेल

रायबरेली, 25 जनवरी 2026:

रायबरेली में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। मतदाता जागरूकता को लेकर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) में बेहतर काम करने वाले सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नए युवा मतदाताओं को बैज और टोपी पहनाकर सम्मान दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, इसी वजह से हर साल राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की मजबूती की बुनियाद है और हर नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए।

कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के संदेश का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। राष्ट्रगान के बाद बैलून उड़ाकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 14 हजार नए मतदाताओं के फॉर्म-06 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी कराई गई। इस मौके पर एसपी डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, अपर जिलाधिकारी अमृता सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button