Entertainment

अगर वो न होती तो बर्बाद हो जाते बॉबी देओल… जानिए उनके डूबते करियर और शराब की लत की पूरी कहानी

सोशल मीडिया पर डीजे कहकर किया गया ट्रोल, चिड़चिड़ापन, गुस्सा और फिर 'ही-मैन' धर्मेंद्र के बेटे बॉबी खाने लगे खुद पर तरस

एंटरटेनमेंट डेस्क, 1 जून 2026:

बॉलीवुड में चमकते चेहरे बहुत हैं लेकिन हर मुस्कुराते चेहरे के पीछे एक टूटा हुआ इंसान भी छिपा होता है। एक ऐसा ही नाम है बॉबी देओल जिसने स्टारडम देखा, बर्बादी देखी और फिर शराब में डूबता हुआ अपना करियर देखा। जिंदगी में मुश्किले बहुत थीं लेकिन इन सबसे ऊपर उठकर बॉबी ने ऐसा कमबैक किया कि लोग उनके काम का लोहा मानने लगे।

जब शराब में डूब गए बॉबी देओल

हाल ही में एक टीवी शो में उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के दर्द का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आ गया था जब उनके पास काम नहीं था, फिल्में बंद हो चुकी थीं और उन्हें लगने लगा था कि दुनिया खत्म हो गई है। धीरे-धीरे वे डिप्रेशन में चले गए और फिर शराब का सहारा लेने लगे। बॉबी ने कहा कि पहले इंसान शराब पीता है लेकिन एक समय ऐसा आता है जब शराब इंसान को पीने लगती है।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 12.43.08 PM

पत्नी तान्या ने दिया हर मोड़ पर साथ

उन्होंने माना कि वे चिड़चिड़े हो गए थे, गुस्सा करने लगे थे और खुद पर ही तरस खाने लगे थे। लेकिन उस अंधेरे दौर में एक इंसान हर पल उनके साथ खड़ा रहा। उनकी पत्नी तान्या देओल। बॉबी ने बेहद भावुक होकर कहा कि अगर तान्या उनकी जिंदगी में नहीं होतीं तो शायद वे आज यहां बैठकर बात भी नहीं कर पाते। जब बॉबी घर पर बैठे रहते थे तब तान्या घर भी संभाल रही थीं, बच्चों की जिम्मेदारी भी उठा रही थीं और अपना बिजनेस भी चला रही थीं। उन्होंने कभी बॉबी का साथ नहीं छोड़ा बल्कि हर बार उन्हें समझाती थीं कि वे खुद को इतना कमजोर क्यों समझ रहे हैं।

बेटे की बात लगी दिल पर

बॉबी देओल की जिंदगी में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने अपने बेटे को अपनी मां से यह कहते सुना कि मम्मी, पापा हमेशा घर पर ही क्यों रहते हैं? आप ही काम पर क्यों जाती हो? अपने बेटे की यह बात सुनकर बॉबी अंदर तक हिल गए। उन्हें एहसास हुआ कि उनके बच्चे उन्हें देखकर बड़े हो रहे हैं और वे उनके सामने कैसी मिसाल पेश कर रहे हैं। उसी दिन उन्होंने फैसला लिया कि अब उन्हें खुद को बदलना होगा। उन्होंने शराब छोड़ने की कोशिश शुरू की, अपनी फिटनेस पर ध्यान देकर दोबारा इंडस्ट्री में काम तलाशना शुरू कर दिया।

WhatsApp Image 2026-06-01 at 12.43.09 PM

सोशल मीडिया पर किया जाने लगा ट्रोल

धर्मेंद्र जैसे सुपरस्टार के बेटे होने के बावजूद बॉबी ने अपना अहंकार किनारे रख दिया। वे डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स के ऑफिस में जाकर कहते थे, मैं बॉबी देओल हूं प्लीज मुझे काम दे दो। जिस इंसान के आगे कभी फिल्ममेकर्स लाइन लगाते थे वही इंसान आज काम मांग रहा था। बॉबी ने हार नहीं मानी। इसी दौरान पैसों की तंगी में उन्होंने दिल्ली के एक नाइट क्लब का इवेंट भी किया जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग उनका मजाक उड़ाने लगे और उन्हें ‘डीजे बॉबी’ कहकर ट्रोल किया गया। वक्त बदला, हालात बदले और जो लोग उनको ट्रोल करते थे वही लोग बॉबी के काम की मिसाल देने लगे।

सलमान खान ने दिया साथ

मुश्किल समय में सलमान खान बॉबी देओल के साथ खड़े हुए। सलमान ने उन्हें फिल्म ‘रेस 3’ में मौका दिया और फिर बॉबी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वेब सीरीज ‘आश्रम’ में बाबा निराला का किरदार निभाकर उनको जमकर तारीफ मिली। इसके बाद फिल्म ‘एनिमल’ में अबरार हक का किरदार निभाकर उन्होंने सबका दिल जीत लिया। बिना ज्यादा डायलॉग बोले भी बॉबी देओल ने थिएटर में ऐसा माहौल बना दिया कि लोग उनकी एंट्री पर सीटियां बजाने लगे।

Bobby-Deol

बॉबी देओल की कहानी सिर्फ एक अभिनेता के कमबैक की कहानी नहीं है बल्कि यह उस इंसान की कहानी है जिसने डिप्रेशन, असफलता और शराब की लत से लड़कर खुद को दोबारा खड़ा किया। यह कहानी बताती है कि जिंदगी में चाहे कितना भी अंधेरा क्यों न आ जाए अगर परिवार साथ हो और इंसान खुद हार मानने से इनकार कर दे तो वापसी हमेशा संभव है। आज लोग उन्हें ‘लॉर्ड बॉबी’ कहते हैं लेकिन इस नाम के पीछे दर्द, संघर्ष, टूटन और फिर से उठ खड़े होने की एक लंबी कहानी छिपी हुई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button