लखनऊ, 1 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच नगर निगम ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए शहरभर में विशेष ‘कूलिंग पॉइंट्स’ स्थापित करने की मुहिम तेज कर दी है। सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने विधानसभा के पास जीपीओ के पास बनाए गए नए कूलिंग पॉइंट का लोकार्पण किया। इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों और खुले में काम करने वाले लोगों को गर्मी से तत्काल राहत उपलब्ध कराना है।
महापौर ने बताया कि नगर निगम पहले ही पॉलीटेक्निक चौराहा, कुर्सी रोड स्थित सृष्टि अपार्टमेंट, 1090 चौराहा और लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय सहित कई प्रमुख स्थानों पर कूलिंग पॉइंट स्थापित कर चुका है। इसके अलावा गोमतीनगर के पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी ऐसे केंद्र विकसित किए जा रहे हैं जिससे अधिक से अधिक लोगों को गर्मी से राहत मिल सके।

अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि इन कूलिंग पॉइंट्स की खासियत उनका पर्यावरण अनुकूल निर्माण है। इनकी दीवारों और छतों में मिट्टी और जूट जैसी प्राकृतिक सामग्री का उपयोग किया गया है। इससे अंदर का तापमान बाहर की तुलना में कम बना रहता है। यह व्यवस्था बिना अतिरिक्त ऊर्जा खर्च किए लोगों को अपेक्षाकृत ठंडा वातावरण उपलब्ध कराती है।
कूलिंग पॉइंट्स पर बेड, सोफा, कुर्सियां, पंखे, कूलर, मटकों में शीतल पेयजल और खाने के लिए गुड़ जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। यहां लोग कुछ समय विश्राम कर गर्मी से राहत पा सकते हैं।
नगर निगम ने अपने 24 रैनबसेरों को भी हीट वेव राहत केंद्र के रूप में विकसित किया है। इन केंद्रों पर पहले से मौजूद बेड सुविधा के साथ अब स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। दोपहर की तेज धूप के दौरान नागरिक यहां आराम कर सकते हैं और लू के खतरे से बच सकते हैं।
महापौर ने बताया कि जलकल विभाग के सहयोग से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। उनका कहना है कि नगर निगम का लक्ष्य बढ़ती गर्मी के बीच हर नागरिक तक राहत पहुंचाना और हीट वेव के प्रभाव को न्यूनतम करना है।






