मनोरंजन डेस्क, 22 जनवरी 2026:
हाल ही में अभिनेता अक्षय कुमार की सिक्योरिटी में चल रही गाड़ियों का एक्सीडेंट एक ऑटो रिक्शा से हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह टूट गया। हादसे में ऑटो ड्राइवर और उसमें सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद ऑटो ड्राइवर के भाई मोहम्मद समीर ने भाई के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। उन्होंने बताया कि उनके भाई की हालत बहुत नाजुक है और उसे क्रिटी केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। समीर ने कहा कि हम लोग गरीब हैं और इतने महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि हादसे में ऑटो पूरी तरह टूट गया है और उसका मुआवजा चाहिए।
इलाज और ऑटो का मुआवजा जरूरी
मोहम्मद समीर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मर्सिडीज ने इनोवा को टक्कर मारी और इनोवा सीधे उनके भाई के ऑटो पर गिर गई। उनका भाई और एक यात्री दोनों दब गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की तरफ से उन्हें सही मदद नहीं मिल रही है। समीर ने साफ कहा कि उनकी सिर्फ यही मांग है कि उनके भाई का सही इलाज हो जाए और टूटे ऑटो की भरपाई कर दी जाए।

कैसे हुआ पूरा हादसा?
यह हादसा मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार की रात करीब 8:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक मुक्तेश्वर रोड पर अक्षय कुमार की सिक्योरिटी वाली इनोवा गाड़ी आगे चल रही थी, जबकि उसके पीछे एक मर्सिडीज थी। इसी दौरान मर्सिडीज ने इनोवा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इनोवा आगे चल रहे ऑटो रिक्शा से जा टकराई। जोरदार टक्कर से ऑटो पलट गया और पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में ऑटो ड्राइवर बुरी तरह दब गया।

मर्सिडीज ड्राइवर पर केस, जांच जारी
इस मामले में जुहू पुलिस ने मर्सिडीज के ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का केस दर्ज किया है। ड्राइवर पर बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल के साथ दूसरी गाड़ी में सवार थे और विदेश से लौटने के बाद घर जा रहे थे। सोशल मीडिया पर हादसे की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें इनोवा ऑटो के ऊपर पलटी हुई दिख रही है। फिलहाल अक्षय कुमार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।






