लखनऊ, 8 मार्च 2026:
लखीमपुर-खीरी के संतोषनगर की रहने वाली रचना अग्रवाल ने सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने खुद का कारोबार खड़ा किया और आज कई लोगों के लिए रोजगार का जरिया बन गई हैं। आज उनकी कहानी उन्हें ऊर्जा से भरती ही है और लोगों के लिए भी प्रेरणा बन चुकी है।
योजना से मिला 25 लाख रुपये का सहारा
रचना अग्रवाल का सपना था कि वह खुद का बिजनेस शुरू करें। इस सपने को पूरा करने में उनके पति ने भी पूरा साथ दिया। साल 2024 में उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत आवेदन किया। योजना के जरिए उन्हें 25 लाख रुपये का लोन मिला, जिससे अपने कारोबार की शुरुआत का रास्ता खुल गया।
पति की मदद से शुरू किया मैक्रोनी व पास्ता का काम
मिले आर्थिक सहयोग से रचना ने अपने पति की मदद से लखीमपुर-खीरी में मैकरोनी और पास्ता बनाने का कारोबार शुरू किया। शुरुआत में कई चुनौतियां सामने आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। मेहनत और लगन से धीरे-धीरे उनका काम पटरी पर आ गया और कारोबार आगे बढ़ने लगा।
कारोबार बढ़ा तो 10 लोगों को मिला काम
रचना के पति को इस योजना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने डीआईसी कार्यालय में जरूरी कागज जमा कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की। करीब एक महीने के अंदर इंडियन बैंक से लोन मिल गया। कारोबार शुरू होने के बाद रचना ने 10 लोगों को रोजगार भी दिया। उनका कहना है कि बैंक और डीआईसी के अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया में अच्छा सहयोग किया।
लोन पर मिली 35 प्रतिशत सब्सिडी
रचना बताती हैं कि इस योजना के तहत उन्हें कुल लोन राशि का 35 प्रतिशत सब्सिडी के रूप में भी मिला। इससे कारोबार शुरू करने में काफी सहूलियत हुई। उनका कहना है कि अगर सरकारी योजनाओं का सही तरीके से फायदा लिया जाए तो मध्यम वर्ग के लोगों को बड़ा सहारा मिल सकता है।
सरकारी योजना से मिली आत्मनिर्भरता की राह
प्रदेश में एमएसएमई विभाग के तहत चल रही मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का मकसद युवाओं और महिलाओं को खुद का रोजगार शुरू करने के लिए मदद देना है। इसी योजना का लाभ उठाकर रचना अग्रवाल ने न सिर्फ अपना कारोबार खड़ा किया, बल्कि दूसरे लोगों के लिए भी काम के मौके तैयार किए।
रचना की सफलता महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
रचना की कहानी अब इलाके में मिसाल बन गई है। उनका मानना है कि स्वरोजगार सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और पहचान भी देता है। उनकी यह सफलता कई महिलाओं को आगे बढ़ने और खुद पर भरोसा करने की प्रेरणा दे रही है।






