लखनऊ, 11 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में यातायात को सुगम बनाने के लिए पिपराघाट से शहीद पथ के बीच बन रहे ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के तृतीय चरण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के तैयार होने के बाद अयोध्या रोड, कानपुर रोड और किसान पथ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में इस रूट पर लंबा जाम और समय लगता है। ग्रीन कॉरिडोर बनने के बाद यह दूरी चंद मिनटों में तय की जा सकेगी।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर के पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बंधे के चौड़ीकरण का काम तेजी से पूरा किया जाए और बारिश से पहले मिट्टी डालने का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए जिससे मानसून के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित न हो।
उपाध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में ग्रीन कॉरिडोर के चालू होने पर इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ेगा। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने सुल्तानपुर रोड स्थित मरी माता मंदिर के पास से ग्रीन कॉरिडोर होते हुए आर्मी लैंड तक नई सड़क और पक्का नाला बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि इन कार्यों की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू की जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रथमेश कुमार ने शहीद पथ से किसान पथ तक प्रस्तावित लूप और फ्लाईओवर के डिमार्केशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश से पहले लैंड फिलिंग का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि आगे का निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के जारी रह सके। इसके साथ ही एलडीए उपाध्यक्ष ने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के चतुर्थ चरण के कार्यों में भी तेजी लाने को कहा।






