लखनऊ/नोएडा, 17 मार्च 2026:
यूपी में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में तीन बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित की गई है। यह आवंटन इन्वेस्ट यूपी की संस्तुति पर किया गया है। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में 3,400 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आएगा और लगभग 5,700 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
मेसर्स एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड को सेक्टर-10 में 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 2,029 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह यूनिट प्रदेश के कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर को नई मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी।
इसी प्रकार सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इसमें 1,219.81 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस परियोजना से करीब 1,200 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इससे उत्तर प्रदेश को कृषि मशीनरी निर्माण के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा सन ऑर्गेनिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर भूमि दी गई है। कंपनी यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना में करीब 225.16 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 569 लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेश में बढ़ते निवेश को सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों, सिंगल विंडो सिस्टम और बेहतर बुनियादी ढांचे का परिणाम माना जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र तेजी से औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से हजारों युवाओं को रोजगार मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था, सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का है। यह निवेश उसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।






