Lucknow CityRaebareli CityUttar Pradesh

रायबरेली में राहुल पर बरसे योगी, अयोध्या में अजय राय की मछली दावत पर कसा तंज, बताई राना बेनी माधव की शौर्य गाथा

अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर हुआ भाव समर्पण समारोह, शौर्य गाथा पर फिल्म दिखाई गई, सीएम ने शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, 879 करोड़ की 346 परियोजनाएं सौंपीं,बच्चों का कराया अन्नप्राशन, छात्राओं से राखी बंधवाकर तोहफे दिए

विजय पटेल

रायबरेली, 24 अगस्त 2026:

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में सोमवार को 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के नायक अवध केसरी राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर भाव समर्पण समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार का लोकार्पण किया।

देश को कोसना राहुल अपना अधिकार समझ बैठे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोज गांधी डिग्री कालेज के मैदान में आयोजित समारोह में कांग्रेस के राहुल गांधी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि संविधान की शपथ लेने के बावजूद वह भारत की परंपरा व विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। राहुल यूपी से बाहर जाकर उत्तर प्रदेश को लांछित व अपमानित करते हैं और भारत से बाहर जाकर देश का अपमान करते हैं।राहुल गांधी देश के भविष्य को अर्बन नक्सलियों के हाथों बर्बाद करना चाहते हैं। मनु को जानना है तो अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश ने राहुल गांधी से नेता प्रतिपक्ष के रूप में सकारात्मक व जिम्मेदार भूमिका की अपेक्षा की थी, लेकिन उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों से स्वयं को पूरी तरह अलग कर लिया है।
yogi-adityanath-raebareli-speech-attacks-rahul-gandhi-ajay-rai (2)

अजय राय की अयोध्या में मछली दावत का जिक्र कर दोहरे आचरण पर हमला

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग विरासत का अपमान करने के साथ धार्मिक आस्था को लेकर भी दिखावा करते हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मछली की दावत उड़ाई। यही कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। मंदिर में राम-राम चिल्लाने व बजरंग बली के सामने दंडवत होने के बाद ऐसा आचरण शर्मनाक है। इन लोगों से गिरगिट भी शर्मा जाए। सीएम ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के भाई की हत्या एक माफिया ने की थी, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने उसके खिलाफ आवाज उठाने के बजाय उसके सामने घुटने टेककर नतमस्तक होने का काम किया।
yogi-adityanath-raebareli-speech-attacks-rahul-gandhi-ajay-rai (3)

कांग्रेस ने भारत को बनाया नहीं, इसका विभाजन कराया

योगी ने कहा कि राहुल गांधी ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह किनारा कर लिया। उन्होंने कहा कि अमेठी-रायबरेली इस परिवार को ढोता तो रहा, लेकिन इस परिवार ने हमेशा इस क्षेत्र के सामने संकट खड़ा किया। योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक परिवार के उदय के बाद ही भारत बना है, जबकि भारत उनके परिवार ने नहीं बनाया, उनके परिवार ने भारत का विभाजन जरूर करवाया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान किया है, कांग्रेस को सावरकर, सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल भी स्वीकार नहीं हैं।

प्रदर्शनी में दिखी राना बेनी माधव की विरासत

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का जायजा लिया। इसके बाद अवध केसरी स्मारिका का विमोचन किया गया। डाक विभाग की ओर से तैयार विशेष आवरण भी जारी किया गया। कार्यक्रम में राना बेनी माधव बख्श सिंह के जीवन, शौर्य व पराक्रम पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन हुआ।

शहीदों के परिवारों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के परिजनों को शॉल व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। लालगंज की सुमन यादव को सम्मान मिला, उनके पति नायक विनोद कुमार 2007 में शहीद हुए थे। डलमऊ की ललिता देवी के पति नायक राजेंद्र यादव कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। ऊंचाहार की कृष्णावती के पति नायक सुरेंद्र यादव भी कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे। सदर क्षेत्र की ज्ञानवती देवी को भी सम्मानित किया गया। उनके पति हवलदार रणधीर सिंह 1990 में फिरोजपुर, पंजाब में शहीद हुए थे।
yogi-adityanath-raebareli-speech-attacks-rahul-gandhi-ajay-rai (4)

बच्चियों ने सीएम को बांधी राखी

लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चियों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बच्चियों को आशीर्वाद दिया, उन्हें उपहार भी दिए। कार्यक्रम में रायबरेली के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

सपेरा समुदाय के पांच लोगों को मिले पट्टे

सपेरा समुदाय के 60 लोगों को आवासीय पट्टे दिए जा चुके हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने मंच से संजू, अंशिका, वंदना, किरण कुमारी व राजनंदिनी को आवासीय पट्टे प्रदान किए। इस दौरान लाभार्थियों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया।

कृषि यंत्र से लेकर आयुष्मान कार्ड तक बांटे

मुख्यमंत्री ने कृषि यंत्र योजना के तहत जगदंबिका सिंह व धर्मेंद्र मौर्य को चाबी दी। सावित्री, मधुलता व रामनरेश को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अनुज कुमार को 4.50 लाख रुपये का चेक मिला, जबकि वंदना पांडेय को 4.37 लाख रुपये से ज्यादा की सहायता का चेक दिया गया। ओडीओपी योजना के तहत अयाज अहमद खान को 15 लाख रुपये का चेक दिया गया। कृष्णा देवी प्राइवेट लिमिटेड के विशंभर जीवनानी को एमएसएमई के तहत राइस मिल के लिए 96 लाख रुपये से ज्यादा का चेक प्रदान किया गया। सिम्मी सिंह को लैपटॉप दिया गया।

SHG को 17.97 करोड़ से ज्यादा की मदद

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह (SHG) की निर्मला, निशा तिवारी व रामवती को 17.97 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि का चेक दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल भी देखे। उन्होंने वहां चल रही योजनाओं की जानकारी ली।

बच्चों का अन्नप्राशन, महिलाओं को फलों की टोकरी

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर बच्चों को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट व खिलौने दिए। महिलाओं को फलों की टोकरी भी बांटी गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों से मुख्यमंत्री ने संवाद किया। कार्यक्रम में मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री राकेश सचान, मंत्री मनोज पांडेय, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश सिंह, विधायक अदिति सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : सपा विधायक के साले ने फांसी लगाकर दी जान, अवसाद बताई जा रही वजह

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button