
लखनऊ, 28 अगस्त 2026:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर बेटियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व स्नेह बंधन के रूप में मनाया। बच्चियों ने उन्हें रक्षा-सूत्र बांधा। योगी ने बेटियों के साथ बातचीत की, उनके साथ सेल्फी ली। इस दौरान ग्रुप फोटो भी कराया गया। कार्यक्रम में बच्चियों को उपहार दिए गए। इस आयोजन में मुख्यमंत्री का जोर सिर्फ पर्व मनाने तक नहीं रहा, उन्होंने बेटियों से उनके भविष्य को लेकर भी बात की।

सोच बेहतर होगी तो रास्ता भी बेहतर बनेगा
बच्चियों से मुखातिब योगी आदित्यनाथ ने कहा, जीवन में आगे बढ़ने के लिए हमें अपने अंदर बेहतर सोच विकसित करनी होगी। अच्छा करने के लिए खुद को लक्ष्य के अनुरूप तैयार करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय बिताने के बजाय अच्छी और प्रेरणादायी किताबें पढ़ने की आदत डालें। नियमित तौर पर बेहतर लिखने का अभ्यास करें। योगी ने कहा कि पढ़ाई के साथ अपनी सोच को बेहतर बनाना भी जरूरी है, क्योंकि यही आगे बढ़ने में मदद करता है।

राखी सिर्फ धागा नहीं, स्नेह और विश्वास का रिश्ता
योगी ने रक्षाबंधन के भाव को भी बेटियों के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि यह केवल रक्षा-सूत्र बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक भी है। मुख्यमंत्री ने बेटियों के साथ बिताए समय के दौरान उनके साथ आत्मीयता से बातचीत की। बच्चियों ने भी मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। कार्यक्रम की तस्वीरों में योगी बच्चियों के साथ सेल्फी लेते दिखे।
1.60 करोड़ बच्चों को मिल रही स्कूल की जरूरी सामग्री
योगी ने प्रदेश में बच्चों की शिक्षा को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता होती है कि प्रदेश में हर वर्ष हम 1 करोड़ 60 लाख बच्चों को दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, किताबें, जूते, मोजे और स्वेटर जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। बच्चों के मन में पढ़ने की इच्छा होनी चाहिए। इसके लिए परिवार, शिक्षक और समाज की भी भूमिका है।

यूपी की आबादी को बताया ताकत
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे बड़ी आबादी वाला प्रदेश है, लेकिन यह आबादी हमारे लिए चुनौती नहीं है। यह यूपी की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमने इस आबादी को अपने Demographic Dividend के साथ जोड़ा है। युवाओं की क्षमता, शिक्षा, हुनर और ऊर्जा को प्रदेश की तरक्की से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित स्नेहबंधन कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आई बेटियों से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार भेंट कर स्नेहाशीष दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने बेटियों से आत्मीय संवाद कर उनकी इच्छाओं,… pic.twitter.com/D3nODzIsht
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) August 28, 2026
बेटियों के साथ खड़ी है डबल इंजन सरकार
योगी आदित्यनाथ ने कहा, डबल इंजन सरकार पूरी मजबूती के साथ आप सभी बेटियों के साथ खड़ी है। संबोधन में बेटियों की पढ़ाई, उनके आत्मविश्वास, बेहतर सोच और लक्ष्य पर फोकस करने की बात प्रमुख रही। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने, किताबों से जुड़ने, लिखने का अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के मुताबिक खुद को तैयार करने की सीख दी।






