Uttar Pradesh

योगी ने देवरिया को दी 655 करोड़ की सौगात कहा…माफिया मिट्टी में मिल गए, बेटियां अब बेखौफ

सपा सरकार के दौर को कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे। देवरिया को सौगात देते हुए एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और सड़कों के विकास का रोडमैप भी बताया

देवरिया, 22 मई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया दौरे में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। भीमपुर गौरा के पास पोखरभिंडा में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडों और माफिया से होती थी, जबकि आज प्रदेश की पहचान भगवान राम, भगवान कृष्ण और बाबा विश्वनाथ से है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में बेटियां बेखौफ घूम सकती हैं और व्यापारियों से कोई गुंडा टैक्स नहीं मांग सकता।

मुख्यमंत्री ने 655.45 करोड़ रुपए की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 116.54 करोड़ रुपए की 8 परियोजनाओं का लोकार्पण और 538.91 करोड़ रुपए की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की पहचान बन गई थी। शाम छह बजे के बाद बेटियों का घर से निकलना मुश्किल होता था। उन्होंने कहा कि अब हालात बदल चुके हैं। माफिया मिट्टी में मिल गए, गुंडे पलायन कर गए और जिसने जनता-जनार्दन को आंख दिखाने का प्रयास किया, वह यमराज के घर सिधार गए।

WhatsApp Image 2026-05-22 at 2.43.23 PM

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव की वजह से दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की किल्लत बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य किसी भी हालत में न रुकें। गांवों और शहरों की खराब सड़कों को सीसी और सीमेंटेड सड़क में बदला जाए ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवरिया को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। देवरिया-कसाया मार्ग के चौड़ीकरण पर 292.07 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि देवरिया-हाटा रोड के विस्तार पर 74.47 करोड़ रुपए लगाए जाएंगे। देवरिया-बरहज मार्ग के मरम्मत कार्य का भी ऐलान किया गया।

WhatsApp Image 2026-05-22 at 2.43.22 PM (1)

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर धार्मिक आयोजनों में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले दुर्गा पूजा और मेलों तक में रुकावट डाली जाती थी। राम मंदिर आंदोलन के दौरान रामसेवकों पर लाठियां चलवाई गईं, लेकिन आज अयोध्या का राम मंदिर दुनिया भर में उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुका है।

उन्होंने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव में देवरिया की सातों सीटों पर भाजपा को जीत दिलाकर जनता ने बड़ा भरोसा जताया था। इसी भरोसे की वजह से जिले की विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए जिले में नए जिला अस्पताल, आईटीआई और दूसरे संस्थानों के निर्माण की घोषणा भी की।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button