लखनऊ, 5 अप्रैल 2026:
यूपी में असमय हो रही बारिश को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सभी डीएम से तत्काल रिपोर्ट तलब करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में किसानों पर आपदा का असर न्यूनतम रखा जाए। मुख्यमंत्री ने जनहानि, पशुहानि और घायलों को हर हाल में 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ चेतावनी दी है कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है और निर्देशित किया है कि बारिश से प्रभावित फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन कराया जाए। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त रूप से सर्वे कर पूरी रिपोर्ट जल्द शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे किसानों को बिना देरी राहत पहुंचाई जा सकेगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। लगातार हो रही बारिश से जिन फसलों को नुकसान हुआ है उनका मुआवजा सुनिश्चित किया जा रहा है। शनिवार की बारिश से हुए नुकसान का भी तेजी से आकलन कराकर राहत प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी डीएम को फील्ड में सक्रिय रहने, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और वास्तविक स्थिति का आकलन करने को कहा है। साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि वे जमीनी स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों से सीधा संपर्क बनाए रखें और समन्वय के साथ कार्य करें। इससे राहत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।
सरकार ने किसानों से भी अपील की है कि वे अपनी क्षतिग्रस्त फसल की जानकारी प्रशासन को दें। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और कटाई के बाद खलिहान में रखी फसल को नुकसान हुआ वह 14 दिनों तक बीमा के दायरे में कवर रहती है। ऐसे किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे उन्हें शीघ्र मुआवजा मिल सकेगा।






