
लखनऊ, 15 जुलाई 2025:
यूपी की राजधानी स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में युवा कौशल दिवस पर खास आयोजन किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 15 यूथ आइकन व ट्रेनिंग पार्टनर को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम ने यूपी में स्केल को स्किल में बदलने के प्रयासों को साझा कर कहा कि आईटीआई स्किल डेवलपमेंट सेंटर से ट्रेनिंग पूरी करने वाले हर युवा के हाथ में जॉब कार्ड होने पर जोर दिया।

संस्थान को उद्योग से जोड़ने की जरूरत
सीएम ने विश्व युवा कौशल दिवस पर पूरे प्रदेश से जुटे युवाओं के बीच कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्य और मानव संसाधन की भी कमी नहीं है। हमारे पास जो स्केल है उसे स्किल में बदलने के प्रयास प्रारंभ किए गए हैं। इसके तहत सरकार 2 करोड़ युवाओं को डिजिटली सक्षम बनाने के लिए स्मार्टफोन व टैबलेट उपलब्ध करा रही है। अब तक 50 लाख युवा इससे लाभान्वित हो चुके हैं। संस्थान को उद्योग को साथ जोड़ना पड़ेगा। क्योंकि, अगर यह जुड़ेंगे तो उस इंडस्ट्री की डिमांड क्या है, उसके अनुरूप हम कार्यक्रम को आगे बढ़ा सकते हैं। इंडस्ट्री के साथ जुड़ने वाला युवा अपने प्रोजेक्ट वर्क को इंडस्ट्री के अंदर पूरा करे। इस दौरान उसे पीएम-सीएम इंटर्नशिप स्कीम के साथ भी जोड़ा जाए।
यूपी में पुनर्जीवित हुए परम्परागत उद्यम
जब कोई युवा किसी आईटीआई, कौशल विकास केंद्र या व्यवसाय और उद्यमिता से जुड़े केंद्र से अपनी ट्रेनिंग पूरी करके निकले तो उसके हाथ में जॉब का कार्ड भी होना चाहिए। जॉब का कार्ड तभी होगा जब इंडस्ट्री के साथ हम उसको जोड़ेंगे या किसी उद्यम के साथ उसको वहीं से सीधे जोड़ने का काम करेंगे। सरकार ने पिछले 8 वर्षों में परम्परागत उद्यम को प्रदेश के अंदर पुनर्जीवित किया है। मत्स्य उत्पादन में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में सम्मिलित है। अण्डा उत्पादन तथा कुक्कुट पालन में भी उत्तर प्रदेश ने बड़ी छलांग लगाई है।

ओडीओपी में यूपी को स्वर्ण व सिद्धार्थनगर को काला नमक चावल के लिए मिला कांस्य पदक
ओडीओपी की हमारी जो नीति रही है, इसके अंतर्गत यूपी में 1.50 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार की सुविधा प्राप्त हुई है। राष्ट्रीय एक जिला, एक उत्पाद (ODOP) पुरस्कार 2024 में उत्तर प्रदेश को राज्यों की समग्र श्रेणी (ए) में स्वर्ण पदक तथा कृषि श्रेणी में सिद्धार्थनगर को ‘काला नमक चावल’ के लिए कांस्य पदक मिला है। यह सम्मान प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और हमारे अन्नदाता किसानों एवं उद्यमियों के सतत परिश्रम का परिणाम है। ओडीओपी योजना ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान बनने के साथ ही वैश्विक बाजार में नए प्रतिमान स्थापित कर रोजगार सृजन का आधार भी बनी है

कौशल विकास मिशन ने साइन किया एमओयू
इस मौके पर MNIT इलाहाबाद के साथ कौशल विकास मिशन ने MOU भी किया। इससे कौशल प्रशिक्षण में स्मार्ट प्रौद्योगिकी को बढ़ावा और प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस अवसर पर 15 यूथ आइकन, इंडस्ट्री पार्टनर व 262 राजकीय आईटीआई को अपग्रेड करने वाले ट्रेनिंग पार्टनर को भी सम्मानित किया गया।






