बाराबंकी, 11 अप्रैल 2026:
लोनी कटरा थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव में शनिवार दोपहर एक हादसे ने किसानों की मेहनत को पल भर में राख कर दिया। हाईटेंशन लाइन पर बैठे पक्षी के करंट की चपेट में आने के बाद निकली चिंगारी से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। तेज हवा के सहारे फैली आग ने 50 किसानों की 150 बीघा गेहूं की फसल लील ली।
शनिवार को तेज धूप में अचानक लोनीकटरा क्षेत्र के सादुल्लापुर, बीरमपुर और त्रिलोकपुर में शोर खड़ा हो गया। अचानक खेतों में भड़की आग हवा का सहारा पाकर दायरा बढ़ाती गई। इस आग में करीब 50 से ज्यादा किसानों की लगभग 150 बीघा खड़ी गेहूं की फसल जल गई। खेतों से उठती लपटों और धुएं ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के राहुल तिवारी के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर बैठा एक कौआ करंट लगने से जलता हुआ नीचे गिरा। उसी से सूखी फसल ने आग पकड़ ली। आग लगने की सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन मदद समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद ग्रामीण खुद ही जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक फसल का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
इस आग में राहुल तिवारी, रत्नेश सिंह, शैलेन्द्र सिंह, गिरजा सिंह, कृष्ण कुमार तिवारी, कृपाशंकर, अंबर सिंह, सोनू, रामफेर, जुग्गी लाल, अवधेश, शिवबालक, श्रीकृष्ण, शिवपाल, धीरज, हरिशंकर, ललऊ और परशुराम समेत कई किसानों की फसल प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार फोन करने के बाद भी दमकल और पुलिस की तरफ से देर हुई, जिससे नुकसान बढ़ गया। पीड़ित किसान नुकसान के आकलन और मुआवजे की मांग की है।






