Uttar Pradesh

UP में श्रमिकों की पेंशन सुरक्षा को रफ्तार : PM-SYM योजना में जिलों की शानदार दौड़

विशेष अभियान में फिरोजाबाद टॉप, हरदोई सालभर में नंबर-वन, योगी सरकार के प्रयासों से तेज हुआ नामांकन

लखनऊ, 11 अप्रैल 2026:

यूपी में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने वाली प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (PM-SYM) अब तेजी से जमीन पर असर दिखा रही है। गत 15 जनवरी से 15 मार्च तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के कई जिलों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए योजना को नई गति दी है।

इस अभियान में फिरोजाबाद ने 349 नामांकन के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर नया मानक स्थापित किया। गाजियाबाद 262 और बस्ती 238 नामांकन के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। वहीं बांदा, बरेली, अंबेडकरनगर, हापुड़ और बिजनौर जैसे जिलों ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाते हुए अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

अगर वित्तीय वर्ष 2025-26 की समग्र प्रगति पर नजर डालें तो हरदोई 929 नामांकन के साथ पूरे प्रदेश में शीर्ष पर रहा। आजमगढ़ (597) और गाजियाबाद (547) ने भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर खुद को मॉडल जिलों के रूप में स्थापित किया है। इसके अलावा प्रतापगढ़, बस्ती, बलिया, मेरठ और वाराणसी जैसे जिलों की सक्रियता भी उल्लेखनीय रही है।

योगी सरकार द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान का सकारात्मक असर यह देखने को मिला कि अधिकांश जिलों में नामांकन की रफ्तार में तेजी आई है। जिन जिलों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम रहा, वहां भी प्रशासनिक स्तर पर विशेष रणनीति बनाकर सुधार की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब बड़ी संख्या में असंगठित श्रमिकों को पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलने लगा है।

यह योजना उन श्रमिकों के लिए खास सहारा बन रही है, जो अब तक किसी औपचारिक पेंशन व्यवस्था से बाहर थे। प्रदेश सरकार के सतत प्रयास, जागरूकता अभियान और जिला प्रशासन की सक्रिय भागीदारी के चलते PM-SYM योजना लगातार मजबूत हो रही है। आने वाले समय में इससे और अधिक श्रमिकों के जुड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे सामाजिक सुरक्षा का दायरा और व्यापक होगा।

READ MORE

ये भी पढ़ें  बारातियों की कार हादसे का शिकार, दूल्हे के 2 दोस्तों की मौत, 5 घायल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button