हिस्ट्रीशीटर 34 साल तक रहा होमगार्ड, हत्या-लूट के आरोप; खुली पोल

आजमगढ़,10 जनवरी 2025
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति 34 साल से होमगार्ड की नौकरी कर रहा था, जबकि वह हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर मामले दर्ज थे। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अपना नाम नकदू से बदलकर नंदलाल रख लिया था और उसने केवल चौथी कक्षा तक पढ़ाई की थी। फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर उसने होमगार्ड की नौकरी हासिल की थी और 1990 से लगातार इस पद पर काम कर रहा था।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपी का गांव में झगड़ा हुआ और पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट चेक की। जांच में पता चला कि 1988 में उसकी हत्या और गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि इस मामले की गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई थी, और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।






