Lucknow City

लखनऊ के नर्मदा अपार्टमेंट की लॉटरी में 312 फ्लैट-पेंटहाउस का आवंटन, 743 ने किया था आवेदन

गोमतीनगर विस्तार में आधुनिक सुविधाओं से लैस अपार्टमेंट में मिलेंगे 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई लॉटरी, यू-ट्यूब पर किया गया लॉटरी का लाइव प्रसारण

लखनऊ, 13 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में नर्मदा अपार्टमेंट के 312 फ्लैट और पेंटहाउस के आवंटन के लिए लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित लाटरी प्रक्रिया के तहत लकी ड्रॉ में 743 आवेदकों ने हिस्सा लिया। उनके बीच से पर्चियां निकालकर 3बीएचके फ्लैट और पेंटहाउस के लिए सफल आवेदकों का चयन किया गया।

लॉटरी के जरिए 3बीएचके प्लस स्टडी रूम के 300 फ्लैट और 12 पेंटहाउस का आवंटन किया गया। आवेदकों के नाम की पर्चियां निकलते ही हॉल में खुशी की तालियां गूंजने लगतीं। इस तरह आवंटन प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। इसे एलडीए के यू-ट्यूब चैनल पर लाइव भी प्रसारित किया गया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमतीनगर विस्तार के G-20 रोड पर विकसित किया जा रहा नर्मदा अपार्टमेंट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लिफ्ट, किड्स प्ले एरिया और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा परिसर में ग्रीन पार्क भी विकसित किया जाएगा। इससे अपार्टमेंट परिसर पर्यावरण के अनुकूल और हराभरा बनेगा।

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि लॉटरी ड्रॉ की प्रक्रिया में आवेदकों से ही पर्चियां निकलवाई गईं जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, विशेष कार्याधिकारी रविनंदन सिंह, देवांश त्रिवेदी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सफल आवेदकों के लिए यह दिन उनके सपनों का घर मिलने की खुशी लेकर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button