Lucknow CityUttar Pradesh

International Yoga Day: स्काउट-गाइड के शिविर में गूंजा ‘स्वस्थ तन-स्वस्थ मन’ का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रोवर्स-रेंजर्स ने किया योगाभ्यास, स्कूलों में एक सप्ताह का योग शिविर चलाने का किया गया आह्वान

लखनऊ, 21 जून 2026:

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को यूपी राजधानी लखनऊ पूरी तरह योगमय नजर आई। शहर के वाला कदर रोड स्थित क्वींस कॉलेज कैंपस परिसर में भारत स्काउट एवं गाइड की जनपदीय इकाई की ओर से योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ संस्था के संरक्षक डॉ. आरपी मिश्र और जिला मुख्यालय के डॉ. जेपी मिश्र ने किया। कार्यक्रम में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

योग शिविर में योग गुरु राजेश कुमार पांडेय के निर्देशन में डॉ. आरपी मिश्र, डॉ. जेपी मिश्र, जिला सचिव अनिल शर्मा, डीओसी (गाइड) मधु हंसपाल, ट्रेनिंग काउंसलर सहित लगभग 50 रोवर्स एवं रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
bharat-scouts-guides-lucknow-international-yoga-day-2026-queens-college

योग गुरु राजेश कुमार पांडे ने दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए ग्रीवा संचालन, कटि संचालन, घुटना संचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, सुप्त वज्रासन, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग शरीर को निरोग रखने के साथ मानसिक तनाव को भी दूर कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

इस अवसर पर संरक्षक डॉ. मिश्र ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं अपितु स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने जिला संस्था से आह्वान किया कि स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन के लिए एक सप्ताह का विशेष योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाए जिससे योग की संस्कृति को विद्यालयों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। उन्होंने नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन का मूलाधार बताते हुए सभी से इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ भारत और निरोग समाज के संकल्प के साथ हुआ।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button