Uttarakhand

CM धामी का भाजपा प्रकोष्ठों को मिशन 2027 का मंत्र, बोले- जीत को और प्रचंड बनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा- हर वर्ग तक पहुंचें सरकारी योजनाएं, आपदा प्रबंधन के लिए ब्लॉक स्तर पर तैयार हों 'फर्स्ट रिस्पॉन्डर', महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 24 जून 2026:

आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों को संगठन और सरकार के बीच सबसे अहम कड़ी बताते हुए उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया। बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रकोष्ठों की बैठक में उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है जिसने उसे देश की सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति बनाया है।

उन्होंने कहा कि अब प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को हर वर्ग तक पहुंचाकर संगठन को और मजबूत करें।आगामी चुनावों में जीत को और अधिक प्रचंड बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। इसी सोच के तहत चिकित्सा, पर्यटन, सहकारिता, संस्कृति, खेल, आपदा प्रबंधन और स्वयं सहायता समूह सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रकोष्ठ बनाए गए हैं।
cm-pushkar-singh-dhami-bjp-mission-2027-victory-mantra

उन्होंने कहा कि इन प्रकोष्ठों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाकर सरकार की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना होगा। धामी ने विशेष रूप से आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से ब्लॉक स्तर पर ऐसे युवाओं की टीम तैयार करने का आह्वान किया, जो किसी भी आपदा के समय फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में तत्काल राहत और बचाव कार्यों में जुट सकें।

वहीं स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ से ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास तेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखपति दीदी अभियान को सफल बनाने में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक और पर्यटन की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। चारधाम यात्रा और आदि कैलाश में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या इसकी पुष्टि करती है। उन्होंने पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ से स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने का भी आह्वान किया।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण ताकत हैं। बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को मंडल स्तर तक संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी सहित सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह-संयोजक मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button