
अनिल निषाद
अयोध्या, 25 जून 2026:
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले आम आदमी पार्टी ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी विधायक अनिल झा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और कहा कि इस पूरे विवाद से सनातन हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। अनिल झा ने बताया कि अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद संजय सिंह जल्द ही अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ लोगों से सीधे संवाद करना है।
महंत राजू दास द्वारा अरविंद केजरीवाल को कालनेमि बताए जाने पर अनिल झा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा संत परंपरा के अनुरूप नहीं है। उनका कहना था कि अयोध्या के संत सदियों से यहां आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते रहे हैं और यही इस नगरी की पहचान है।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की जांच के लिए गठित एसआईटी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि मामले में सीधे एफआईआर दर्ज कर जांच कराई जाती तो नतीजे ज्यादा प्रभावी होते। उनके मुताबिक सरकार ने ऐसा कदम उठाया है जिसका असर जमीन पर दिखाई नहीं देता।
उन्होंने भाजपा के भीतर अंतर्कलह का भी आरोप लगाया। अनिल झा ने कहा कि पार्टी के अंदर चल रही खींचतान का असर इस पूरे विवाद में नजर आ रहा है। उनका दावा था कि दिल्ली में बैठे कुछ बड़े नेता उत्तर प्रदेश के नेताओं को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा विवाद सामने आने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या और मंदिर में आने वाले चढ़ावे पर भी असर पड़ा है। उनका मानना है कि मंदिर में मिलने वाली राशि का एक हिस्सा शिक्षा जैसे जरूरी क्षेत्रों में भी खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने राम मंदिर निर्माण को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
अनिल झा ने कहा कि मंदिर का निर्माण जल्दबाजी में किया गया, जबकि लोगों की अपेक्षा उससे कहीं अधिक भव्य स्वरूप की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अयोध्या के विकास का लाभ स्थानीय लोगों की तुलना में बाहरी लोगों को अधिक मिला, जिसका असर लोकसभा चुनाव के नतीजों में भी दिखाई दिया। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अनिल झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। इसके लिए प्रदेशभर में पदयात्राएं, जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार का काम लगातार चल रहा है।






