
लखनऊ, 26 जून 2026:
राजधानी के आशियाना स्थित लोकबंधु अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। सुबह करीब पांच बजे अस्पताल परिसर में संचालित आशा ज्योति केंद्र के वेटिंग एरिया की फॉल्स सीलिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। कुछ ही देर में पूरे हिस्से में धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
धुआं बढ़ने से सुरक्षा कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना की सूचना तुरंत अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई।
गनीमत रही कि आग समय रहते नियंत्रित कर ली गई और किसी मरीज या कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि घटना ने एक बार फिर अस्पताल की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दरअसल, 14 अप्रैल 2025 को भी लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग लगी थी। उस हादसे में आईसीयू और वार्ड के उपकरण, इलाज से जुड़े दस्तावेज समेत काफी सामान जल गया था। करीब 200 मरीजों को सुरक्षित निकालकर दूसरे अस्पतालों में भेजना पड़ा था, जबकि एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी।
उस हादसे के बाद अस्पताल में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से फायर प्रूफ फॉल्स सीलिंग और ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने का काम शुरू कराया गया था। लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीतने के बावजूद यह काम अब तक पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में मरीजों और अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा के प्रति जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।






