Lucknow City

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में फेरबदल, 5 एसीपी के क्षेत्र बदले, अब इंस्पेक्टरों की बारी!

ट्रैफिक, गाजीपुर, कैंट, मलिहाबाद और साइबर सर्किल में नई तैनाती, लंबे समय से जमे इंस्पेक्टरों की बदलेगी तैनाती

लखनऊ, 27 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया। पुलिस आयुक्त के आदेश पर पांच अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। ट्रैफिक, गाजीपुर, कैंट, मलिहाबाद और साइबर क्राइम जैसे महत्वपूर्ण सर्किलों की कमान बदली गई है। इस बदलाव को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

आदेश के अनुसार डिप्टी एसपी महेश त्यागी को एसीपी ट्रैफिक बनाया गया है। वहीं अतुल कुमार पाण्डेय को गाजीपुर सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुजीत कुमार दुबे को मलिहाबाद से हटाकर एसीपी कैंट नियुक्त किया गया है जबकि ज्ञानेन्द्र सिंह को कैंट से स्थानांतरित कर मलिहाबाद भेजा गया है। इसके अलावा प्रतीक दहिया को एसीपी साइबर, यूपी-112 और पुलिस लाइन्स का प्रभार सौंपा गया है।

पुलिस कमिश्नरेट ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि यह फेरबदल अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और साइबर अपराधों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से किया गया है।

सूत्रों के अनुसार एसीपी स्तर के इस बदलाव के बाद अब कई कोतवालियों के प्रभारी निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) की सूची भी तैयार की जा रही है। लंबे समय से एक ही थाने में जमे और उन इंस्पेक्टरों पर तबादले की गाज गिरना लगभग तय माना जा रहा जिनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में पुलिस कमिश्नरेट में जल्द ही एक फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button