
लखनऊ, 13 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी में अवैध प्लॉटिंग और नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का अभियान लगातार जारी है। इस क्रम में एलडीए की टीम ने गोसाईंगंज में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही तीन अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। वहीं, शहर के अलग-अलग इलाकों में पांच अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया।

एलडीए के प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोसाईंगंज के ग्राम मंगहुवा में अभियान चलाया गया। यहां जंग बहादुर, देवेश मिश्रा, रामदेव प्रधान, डिम्पल व अन्य द्वारा करीब 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही तीन अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की गई। मौके पर विकसित किए जा रहे अवैध निर्माण और अन्य ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया।

इसी तरह प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने अलीगंज, मड़ियांव और सैरपुर क्षेत्रों में अभियान चलाकर पांच अवैध निर्माण सील किए। जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के मुताबिक डॉ. चन्द्रसेन वर्मा, संजय गुप्ता, जयकरन, मोहम्मद अहमद, बालक राम व अन्य द्वारा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माणों पर यह कार्रवाई की गई।
एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मचा है। प्राधिकरण पहले भी राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह की कार्रवाई कर चुका है। अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।






