Lucknow City

चिनहट में भीषण आग : तीन मंजिला इमारत में फंसे बुजुर्ग व कई परिजन, दमकलकर्मियों ने ऐसे बचाया

लखनऊ के मटियारी तिराहे पर हुआ हादसा, बिल्डिंग के भूतल पर स्थित किराना स्टोर से धधकी आग, कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को चपेट में लिया, दमकल की कई टीमों ने बुझाने आग

लखनऊ, 3 दिसंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र के मटियारी तिराहे पर स्थित एक तीन मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। भूतल पर स्थित किराना स्टोर में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया। आग कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। लपटों ने किराना स्टोर के साथ बगल की मिठाई की दुकान और इमारत के दूसरे तल तक को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के मुताबिक तीन मंजिला मकान के भूतल पर अवस्थी किराना स्टोर नाम से दुकान चलती है। दूसरे तल पर दुकान संचालक अवधेश अवस्थी के 85 वर्षीय पिता तथा अन्य परिजन रहते हैं। घटना के समय अवधेश किसी काम से बाहर थे जबकि परिवार के बाकी सदस्य दूसरे तल पर सो रहे थे। देर रात धमाके जैसी तेज आवाज के साथ दुकान से उठती लपटों ने आसपास के लोगों को चौकन्ना कर दिया। पड़ोसी अयोध्या यादव ने तुरंत अवधेश के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी जिन्होंने पुलिस और दमकल विभाग को खबर की।

स्थानीय लोग आग बुझाने के प्रयास में जुटे लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। धुआं और लपटें दूसरे तल तक पहुंचने लगीं। इसके कारण भीतर सोए बुजुर्ग और परिजनों की नींद टूटी। कमरे से बाहर झांकते ही वे घबरा गए और बाहर निकलने का रास्ता आग से घिरा देख असहाय हो गए। स्थिति गंभीर होती देख मौके पर गोमतीनगर के एफएसओ सुशील यादव दमकल की छह गाड़ियों और टीम के साथ पहुंचे।

ये भी पढ़ें:

धुएं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकलकर्मियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। अपनी किट पहनकर टीम दूसरी मंजिल तक पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बुजुर्ग और परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला। दो घंटे की कठिन मेहनत के बाद आधी रात के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

Advertisement

इस हादसे से इलाके में देर रात तक दहशत और अफरातफरी का माहौल बना रहा। एफएसओ सुशील यादव के अनुसार गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  संविधान दिवस पर अखिलेश का हमला, बोले... BJP वोटिंग अधिकार और लोकतंत्र को खतरे में डाल रही

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link