Uttarakhand

पुलिस मुख्यालय घेरने निकले सुराज सेवा दल के कार्यकर्ता, बैरिकेडिंग टूटी, पुलिस से धक्का-मुक्की

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को मुद्दा बनाकर सेवा दल ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, मुख्यालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग पर रोकने से गरमाया माहौल पुलिस ने अध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 जून 2026:

प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सुराज सेवा दल ने शनिवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पुलिस मुख्यालय के घेराव के लिए निकले और डीजीपी के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने मुख्यालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद सड़क पर धरना शुरू हो गया।

धरने के दौरान सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। उनका कहना था कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, फिर भी सरकार हालात सुधारने के लिए गंभीर कदम नहीं उठा रही। उन्होंने डीजीपी से इस्तीफा देने की मांग भी की।

Suraj Seva Dal Protest Police Clash with Activists (1)

सभा के बीच रमेश जोशी ने अचानक पुलिस मुख्यालय की ओर कूच करने का ऐलान कर दिया। इसके बाद कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की तरफ दौड़ पड़े। कई लोग बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जबकि कुछ उसे फांदकर आगे निकलने की कोशिश करने लगे। कुछ प्रदर्शनकारी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर भी चढ़ गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सबसे पहले रमेश जोशी को हिरासत में लिया। इसके बाद अन्य कार्यकर्ताओं को भी पकड़कर पुलिस वैन में बैठाया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हिरासत में लिए जाने के बाद रमेश जोशी ने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में महामंत्री देवेन्द्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, सागर वर्मा, हिमांशु धामी, विजेंद्र राजेश थापा, लालमढ़ी भारद्वाज, अमित अग्रवाल, दिव्यांश आदि तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button