
गोरखपुर, 28 जून 2026:
गोरखपुर में साइबर जालसाजों ने इस बार संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर ठगी की कोशिश की। आरोपियों ने एसपी के नाम से फर्जी Facebook Account बनाकर शहर के कारोबारी और चैंबर ऑफ टेक्सटाइल्स के अध्यक्ष राजेश नेभानी को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी।
फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद मैसेंजर पर बातचीत शुरू हुई। सामने वाले ने खुद को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई बताया। उसने कहा कि गोरखपुर में तैनात सेना के एक अधिकारी उसके दोस्त हैं, जिनका ट्रांसफर हो गया है। इसलिए वे अपना फर्नीचर और घरेलू सामान कम कीमत पर बेचना चाहते हैं। उसने कारोबारी को उनसे संपर्क करने की सलाह दी।
कुछ देर बाद राजेश नेभानी के पास दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संतोष कुमार बताते हुए खुद को सेना का अधिकारी बताया। उसने कहा कि फर्नीचर खरीदने के लिए पहले 85 हजार रुपये ऑनलाइन भेजने होंगे। भरोसा दिलाने के लिए उसने सोफा और बेड की तस्वीरें भी भेजीं।
ऑनलाइन भुगतान की बात आते ही कारोबारी को शक हुआ। उन्होंने सीधे संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई से संपर्क कर जानकारी ली। तब पता चला कि उनके नाम से बनाया गया Facebook Account पूरी तरह फर्जी है और साइबर अपराधी लोगों को इसी तरह निशाना बना रहे हैं।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट फर्जी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अधिकारी के नाम से आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट या पैसे मांगने वाले संदेश पर भरोसा न करें। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे पुष्टि करें, फिर ही कोई कदम उठाएं।






