गोरखपुर, 31 मई 2026:
शाहपुर क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने एक युवक और उसके परिवार के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, जबरन गर्भपात कराने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर शाहपुर पुलिस ने गुलरिहा क्षेत्र के विक्रम चौहान, उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका है। घर के पास रहने वाले रिश्तेदारों के माध्यम से उसकी पहचान विक्रम चौहान से हुई थी। आरोप है कि विक्रम ने शादी का प्रस्ताव रखा और भरोसा दिलाया कि वह उसे अपने घर ले जाकर पत्नी का दर्जा देगा।
पीड़िता के मुताबिक, विक्रम उसे बुढ़िया माता मंदिर ले गया, जहां उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का दावा किया। इसके बाद उसने पति होने की बात कहकर शारीरिक संबंध बनाए और जल्द घर ले जाने का आश्वासन देता रहा। युवती का आरोप है कि शादी के बाद आरोपी लगातार उसके साथ संबंध बनाता रहा और इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। जब वह ससुराल ले जाने की बात करती थी तो आरोपी टालमटोल करता था।
शिकायत के अनुसार, कुछ समय बाद वह गर्भवती हो गई। यह जानकारी मिलने पर आरोपी नाराज हो गया और दबाव बनाकर उसे दवा खिलाई, जिससे गर्भपात हो गया। इसके बाद जब उसने शादी और साथ रखने की बात उठाई तो आरोपी और उसके परिवार के लोग विरोध करने लगे।
विक्रम के माता-पिता और भाई ने उससे कहा कि 10 लाख रुपये लेकर आने पर ही उसे घर में रखा जाएगा। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई। युवती का कहना है कि उसने पहले पादरी बाजार पुलिस चौकी में भी शिकायत की थी। उस समय आरोपी और उसके परिवार ने उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने का आश्वासन देते हुए समझौता किया था, लेकिन बाद में अपनी बात से मुकर गए। पुलिस अब नए सिरे से मामले की जांच कर रही है।






