Gorakhpur

लव मैरिज का झगड़े से अंत…पति ने लगाई फांसी, गर्भवती पत्नी ने खाया जहर

छह माह पूर्व हुआ था निकाह, एक सप्ताह से दोनों के बीच चल रहा था विवाद, कमरे में पति का शव पंखे से लटका मिला, जबकि पत्नी बेहोश हालत में मिली, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत बताया

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 12 मई 2026:

बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकारीपुर गांव में प्रेम विवाह करने वाले एक दंपती की जिंदगी महज छह महीने में दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। मंगलवार सुबह पति का शव कमरे में पंखे से लटका मिला, जबकि गर्भवती पत्नी द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है।

मुकारीपुर निवासी 25 वर्षीय सादाब ने नवंबर 2025 में 24 वर्षीय निकहत निशा से प्रेम विवाह किया था। परिवार वालों के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से दोनों के बीच किसी बात को लेकर लगातार कहासुनी हो रही थी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे सादाब की बहन उन्हें बुलाने कमरे तक पहुंची। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे शक हुआ। उसने खिड़की के जंगले से अंदर झांका तो सादाब का शव पंखे से लटका दिखा। निकहत निशा फर्श पर बेसुध पड़ी थीं और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।

WhatsApp Image 2026-05-12 at 5.11.16 PM

परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बेलघाट पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। निकहत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि निकहत ने जहरीला पदार्थ खाया, जबकि सादाब ने फांसी लगाकर जान दी। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी।

परिजनों के अनुसार निकहत गर्भवती थी। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। सादाब दो भाइयों और चार बहनों में चौथे नंबर पर था। उसके पिता तसव्वुर दुबई में रहते हैं, जबकि मां नजीबुन गांव में ही रहती हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button