Uttarakhand

मंत्री से वार्ता बेनतीजा…हक़ के लिए 31 घंटे से परेड ग्राउंड में डटे नर्सिंग अभ्यर्थी, दी ये चेतावनी

वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच का आन्दोलन जारी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से वार्ता में नहीं निकला कोई हल, कांग्रेस व अन्य संगठनों ने दिया समर्थन

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 12 मई 2026:

मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग डे के दिन भी देहरादून में नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 31 घंटे से परेड ग्राउंड में अपने हक के लिए डटे रहे। हर साल नियुक्ति की मांग को लेकर शुरु इस आंदोलन के बीच प्रतिनिधिमंडल व स्वास्थ्य मंत्री के बीच हुई वार्ता का भी कोई हल नहीं निकल सका।

नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले वर्षवार नियुक्ति की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले 31 घंटे से परेड ग्राउंड में डटे हुए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्षों की मेहनत और पढ़ाई के बाद भी उन्हें रोजगार नहीं मिल पा रहा है। सरकार से लगातार गुहार लगाने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी पीड़ा और निराशा ने उन्हें आंदोलन का यह रास्ता चुनने पर मजबूर कर दिया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, डा. हरक सिंह रावत समेत एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से वार्ता की, लेकिन बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद अभ्यर्थियों ने साफ कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने चेतावनी दी कि यदि शाम तक सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा लगातार मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दबाव झेल रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बाबी पंवार समेत अनेक संगठनों के पदाधिकारियों ने परेड ग्राउंड पहुंच कर आंदोलन का समर्थन किया।

हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। गौरतलब है कि 11 मई की सुबह नर्सिंग अभ्यर्थी विनोद, धर्मेन्द्र, आनंद, कविता और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पानी ने ग्राउंड में बनी पानी की टंकी पर चढ़ कर विरोध जताया था।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button