
न्यूज डेस्क, 28 जून 2026:
जुलाई के महीने में अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लीजिए। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से जारी बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक जुलाई के महीने में देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 12 दिन बैंक बंद रहेंगे। इनमें 4 रविवार, दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टियां शामिल हैं जबकि 6 दिन अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और स्थानीय आयोजनों के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
5 जुलाई रविवार की छुट्टी होने से सभी जगह बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 6 जुलाई एमएचआईपी दिवस पर आइजोल में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। 9 जुलाई को बेह देनखलाम उत्सव पर शिलांग में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 11 जुलाई को दूसरा शनिवार और 12 जुलाई को रविवार होने से सभी जगह बैंक सेवाएं बंद रहेंगी।
16 जुलाई को कांग (रथयात्रा) और हरेला पर्व पर देहरादून, भुवनेश्वर और इंफाल में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। वहीं 17 जुलाई को तिरोत सिंह की पुण्यतिथि पर शिलांग में बैंक बंद रहेंगे। 18 जुलाई को गंगटोक में द्रुकपा त्शे-जी पर्व पर बैंक सेवाएं बंद रहेंगी वहीं 19 जुलाई को रविवार होने से सभी जगह बैंक बंद रहेंगे।
22 जुलाई को खारची पूजा पर अगरतला में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। इसके बाद 25 जुलाई को चौथा शनिवार और 26 जुलाई को रविवार पड़ रहा है जिससे लगातार दो दिन सभी जगह बैंक बंद रहेंगे।
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी क्योंकि ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। लोग पैसे ट्रांसफर करने, बिल जमा करने, कैश निकालने और अन्य जरूरी काम डिजिटल माध्यम से आसानी से कर सकेंगे।






