
काशीपुर, 28 जून 2026:
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को काशीपुर में जिले की बड़ी औद्योगिक और सड़क परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने सिडकुल में बन रहे एरोमा पार्क, Electronic Manufacturing Cluster (EMC), एस्कॉर्ट फार्म स्थित क्षेत्रीय कार्यालय, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ जमीन, काशीपुर-रामनगर फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
सिडकुल में निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 133 एकड़ में विकसित हो रहे Electronic Manufacturing Cluster में कुल 56 प्लॉट हैं। इनमें 22 प्लॉट आवंटित हो चुके हैं, जबकि बाकी प्लॉटों को लेकर निवेशकों की पूछताछ जारी है। करीब 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण पेयजल निगम करा रहा है। परियोजना पूरी करने के लिए 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। धनराशि मिलते ही बचा हुआ काम तेजी से पूरा कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके बाद उन्होंने हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ जमीन का निरीक्षण कर वहां की संभावनाओं और विकास योजनाओं की जानकारी ली।
इसके बाद मुख्य सचिव ने काशीपुर-रामनगर फोर लेन राष्ट्रीय राजमार्ग और काशीपुर बाईपास रिंग रोड का भी निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता एनएच हरीश पंगती ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग का 18.26 किलोमीटर लंबा फोर लेन हिस्सा 494.45 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है। फिलहाल भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया चल रही है, जबकि वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। सैद्धांतिक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना और बाईपास से जुड़े सभी कामों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






