Lucknow City

बिजली गुल हंगामा शुरूः उग्र भीड़ ने उपकेंद्र को घेरा तो जेई गाड़ी लेकर भाग निकले

पीजीआई क्षेत्र, शकुंतला मिश्रा पावर हाउस और एफसीआई पावर हाउस से जुड़े इलाकों की बिजली आपूर्ति रही बाधित, जेई को बंधक बनाने की कोशिश, पुलिस और अधिकारियों ने लोगों को किया शांत

लखनऊ, 29 जून 2026ः

यूपी की राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती को लेकर लोगों का लगातार गुस्सा फूट रहा है। रविवार रात को भी शहर के कई उपकेंद्रों में लोगों ने जमकर हंगामा किया। पीजीआई क्षेत्र, शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय पावर हाउस और एफसीआई पावर हाउस पहुंचकर लोगों ने बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन किया। यही नहीं लोगों ने शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय पावर हाउस में जेई को बंधक बनाने की कोशिश की। उग्र भीड़ के गुस्से को देख जेई किसी तरह वहां से निकले और अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी से भाग निकले।

शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय और एफसीआई पावर हाउस से जुड़े जाहिद नगर, नाजिम नगर और हर्ष नगर में देर रात बिजली जाने पर लोगों ने बवाल किया। लोगों ने शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय पावर हाउस में तैनात जेई को घेर लिया और बंधक बनाने की कोशिश की। भीड़ के गुस्से को देखकर जेई घबरा गए। वह किसी तरह वहां से निकले और अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी से भाग निकले। इसके बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। लोगों ने काफी दूर तक उनका पीछा किया।
lucknow-power-outage-protest-angry-mob-attacks-power-house-je-escapes (2)

पीजीआई क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा रविवार देर रात सड़क पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने रायबरेली रोड स्थित उतरेठिया अंडरपास के पास जाम लगाकर जमकर प्रदर्शन किया। करीब 30 मिनट तक चले जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अंबेडकर पावर हाउस और उतरेठिया ओल्ड व न्यू पावर हाउस से जुड़े दर्जनों इलाकों में पिछले कई दिनों से भीषण बिजली संकट बना हुआ है। दिन-रात घंटों अघोषित कटौती की जा रही है।

काकोरी की दुबग्गा सब्जी और फल मंडी में दो दिन से बिजली गुल होने के कारण आढ़ती, किसान और व्यापारी भीषण गर्मी से परेशान हैं। शनिवार को सुबह दो ट्रांसफार्मरों में आग लगने से आपूर्ति बाधित हो गई। इस कारण मंडी में पानी की सप्लाई बंद हो गई। तौल मशीनें डिस्चार्ज होने से फल-सब्जियों की एंट्री रुक गई। रविवार शाम आढ़तियों के हंगामे के बाद एक ट्रांसफार्मर ठीक हुआ।

बता दें कि पीजीआई क्षेत्र के अंबेडकर पावर हाउस से जुड़े इलाकों हरिकंशगढ़ी, जगतखेड़ा, कल्ली पश्चिम, साहू कॉलोनी, प्रबुद्ध नगर, एकता नगर, साउथ सिटी, उतरेठिया आदि में तार जलने से शनिवार से लेकर रविवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे नाराज लोगों ने उपकेंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा कर बिजली आपूर्ति बंद करा दी थी। इसके बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत कराया था।

READ MORE

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button