Lucknow City

Breaking… आज शाम पुराने लखनऊ जाने से पहले पढ़ लें यह खबर, कई रास्तों रहेंगे बंद

72 ताबूतों के जुलूस और आग के मातम के चलते ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगा प्लान, कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित, इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी छूट

लखनऊ, 25 जुलाई 2026:

अगर आप आज शाम पुराने लखनऊ की ओर जाने की योजना बना रहे हैं तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। दसवीं सफर पर आज शाम पांच बजे से 72 ताबूतों का जुलूस निकलेगा जबकि दरिया वाली मस्जिद में रात आठ बजे से आग का मातम आयोजित होगा। इन धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने दोपहर तीन बजे से रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।

लखनऊ की डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी के मुताबिक जुलूस के दौरान पुराने लखनऊ के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। डालीगंज चौराहा और शाहमीना तिराहे से कोई भी वाहन जिन्नातों वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा और रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को मेडिकल कॉलेज चौराहा, चौक चौराहा और कोनेश्वर चौराहा होकर जाना होगा।

रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहे से बड़ा इमामबाड़ा और जिन्नातों वाली मस्जिद की ओर भी यातायात बंद रहेगा। इस मार्ग का उपयोग करने वाले वाहन कुड़ियाघाट गेट, नया पक्का पुल और खदरा तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं खदरा तिराहे से पक्का पुल चौराहे की ओर भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

ये भी पढ़ें:

डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग की ओर से आने वाली बसों को खदरा और पक्का पुल की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें चौराहा नंबर-8 और आईटी चौराहा होकर भेजा जाएगा। कोनेश्वर महादेव मंदिर तिराहे से बड़े वाहन घंटाघर की ओर नहीं जा सकेंगे। उन्हें चौक चौराहे से होकर गुजरना होगा। सिंचाई विभाग यू-टर्न से टीले वाली मस्जिद और जिन्नातों वाली मस्जिद की ओर जाने वाले वाहनों को भी कुड़ियाघाट के रास्ते भेजा जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी सुरक्षित निकाला जाएगा। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें जिससे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें  निजता के सवाल पर लखनऊ में सड़कों पर उतरे वामपंथी, कलेक्ट्रेट तक मार्च, निजी डेटा जुटाने पर उठाए सवाल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button