
न्यूज डेस्क, 30 जून 2026:
उत्तराखंड सरकार एक बार फिर लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 4 जुलाई से 15 दिन का जन जन की सरकार-जन जन के द्वार अभियान शुरू होगा। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों, ब्लॉकों और तहसीलों में Special Camp लगाए जाएंगे, जहां अलग-अलग विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे।
सरकार का फोकस इस बात पर है कि लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी सोच के साथ यह अभियान फिर शुरू किया जा रहा है, ताकि सरकारी सेवाएं सीधे लोगों तक पहुंच सकें। शिविरों में शिकायतों के निस्तारण के साथ पात्र लोगों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं का फायदा भी दिया जाएगा।
यह अभियान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे होने के मौके पर मनाए जा रहे 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा का हिस्सा होगा। 4 जुलाई से शुरू होने वाले इस अभियान में सभी जिलों को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पिछले साल दिसंबर में चले 45 दिन के जन जन की सरकार-जन जन के द्वार अभियान को लोगों का अच्छा सहयोग मिला था। उस दौरान प्रदेशभर में 681 शिविर लगाए गए थे, जिनमें 5 लाख 33 हजार 452 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान करीब 33 हजार शिकायतों का समाधान किया गया था। इस पहल को बेहतर Governance Model के तौर पर भी सराहना मिली थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लोगों को बिना भागदौड़ के सरकारी सेवाएं मिलना ही अच्छे Governance की पहचान है। इसी उद्देश्य से अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है। उन्होंने सभी सक्षम अधिकारियों और कर्मचारियों को शिविरों में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए हैं।






