Barabanki City

शादी की जिद में भागे जीजा-साली, परिवार ने मानी बात, घर लौटते वक्त हादसे में युवक की मौत

चार दिन पहले घर छोड़कर निकले थे दोनों, परिवार की रजामंदी मिलने के बाद लौट रहे थे, बाराबंकी में टैंकर की टक्कर से युवक की मौके पर मौत, युवती जिला अस्पताल में भर्ती

बाराबंकी, 1 जुलाई 2026:

बाराबंकी में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। अपनी चचेरी साली के साथ शादी करने की जिद पर घर से निकला युवक जब परिवार की सहमति मिलने के बाद वापस लौट रहा था, तभी उसकी बाइक तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आ गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
barabanki-road-accident-lucknow-bahraich-highway-youth-killed (2)

यह हादसा रामनगर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच नेशनल हाईवे पर संजय सेतु के पास सुबह करीब आठ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सामने से आए तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मृतक की पहचान बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले 20 वर्षीय अनिकेत के रूप में हुई है। घायल युवती संतोषी वर्मा भी बहराइच की रहने वाली है।

आज आने वाली थी युवती की बारात

परिवार के लोगों ने बताया कि अनिकेत शटरिंग का काम करता था। पिछले करीब दो साल से उसका अपनी चचेरी साली संतोषी से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं था। उधर, बुधवार को संतोषी की शादी भी तय थी और घर में बारात आने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच दोनों चार दिन पहले घर छोड़कर चले गए। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी फखरपुर थाने में दर्ज कराई गई थी।

बड़े भाई ने समझाया, फिर लौटने का लिया फैसला

भागने के बाद दोनों रामनगर क्षेत्र के बड़नपुर गांव में अनिकेत के बड़े भाई मस्तराम के घर पहुंचे। वहां परिवार ने उन्हें समझाया कि अगर दोनों घर लौट आएं तो परिजनों की मौजूदगी में थाने में उनकी शादी की बात आगे बढ़ाई जाएगी। बड़े भाई की बात मानकर दोनों बुधवार सुबह बाइक से बहराइच के लिए निकल पड़े, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया।

टैंकर चालक फरार, दो किलोमीटर तक लगा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बाइक और टैंकर को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल टैंकर और बाइक को कब्जे में ले लिया है। टक्कर के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button