बाराबंकी, 9 जून 2026:
लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र के चौबीसी के पास आधी रात के बाद हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। ट्रेलर और ट्रक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। एक शव हादसे के छह घंटे बाद सुबह मुर्गी दाने के नीचे दबा मिला।
पुलिस के मुताबिक देर रात करीब 2 बजे सुल्तानपुर की ओर से आ रहा एक ट्रेलर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग फैल गई। एक वाहन में मुर्गी दाना लदा था, जबकि दूसरा खाली ट्रेलर बताया गया है।
हादसे के वक्त ट्रेलर में चालक समेत कई लोग सवार थे। आग लगते ही कुछ लोग वाहन से कूदकर जान बचाने में कामयाब रहे, लेकिन दो लोग आग की चपेट में आ गए। इनमें एक व्यक्ति का शव पूरी तरह जल गया, जबकि दूसरा शव मुर्गी दाने के बीच दबा मिला। राहत और बचाव अभियान के दौरान दूसरा शव सुबह करीब छह घंटे बाद मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में निगोहां, लखनऊ निवासी मनोज कुमार गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें उठते ही हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दमकल कर्मियों ने जले हुए वाहनों को हटाया। इसके बाद सड़क पर फैले डीजल को पानी की तेज बौझार के सहारे फिसलन खत्म की। लगभग एक घंटे के बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस का कहना है कि मृत दोनों व्यक्तियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और पीछे से हुई टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।






