Lucknow City

UP पुलिस की वर्दी का सपना रह गया अधूरा… परीक्षा देकर घर लौटते वक्त बेटे संग पिता की मौत

लखनऊ के बंथरा इलाके में कानपुर रोड पर डंपर ने रौंदा, चालक फरार, परीक्षा देकर बाइक से पिता के साथ लौट रहा था इटौंजा का युवक

लखनऊ, 9 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर कानपुर से लौट रहे युवक और उसके पिता को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक इटौंजा क्षेत्र के भगौतापुर निवासी कमलेश कुमार त्रिवेदी (55) अपने बेटे अखिल त्रिवेदी (21) को पुलिस की भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए कानपुर गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। सोमवार देर शाम बंथरा क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित आजाद गेस्ट हाउस के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और डंपर उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से कमलेश के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले कमलेश के परिवार में उनकी पत्नी और बड़ा बेटा आकाश ही हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button