
अनिल निषाद
अयोध्या, 2 जुलाई 2026:
अयोध्या-लखनऊ National Highway पर गुरुवार सुबह रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास हुए भीषण Road Accident में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो की छत उड़ गई, एक पहिया कटकर अलग जा गिरा। वाहन के एयरबैग खुलने के बावजूद उसमें सवार लोगों की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो लखनऊ से अयोध्या की तरफ जा रही थी। मुबारकगंज के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे कई लोग वाहन के अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही रौनाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल लोगों की पहचान विजय लक्ष्मी, अभिषेक गुप्ता, राधेश्याम और आयुष के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के बाद National Highway पर कुछ देर तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक और स्कॉर्पियो को हटवाकर यातायात सामान्य कराया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो सकी। पुलिस मृतकों की पहचान की कोशिश में लगी है।






