Lucknow City

Birthday पर खत्म हुई जिंदगी, महानगर में 8वीं मंजिल से कारोबारी ने लगाई छलांग, सदमे में परिजन

शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट में रहने वाला परिवार जन्मदिन की तैयारी में जुटा था, अचानक फ्लैट की बालकनी से कूद गया व्यापारी, गमलों पर गिरने से आई गंभीर चोट, शुरुआती जांच में Depression की बात सामने आई

लखनऊ, 3 जुलाई 2026:

राजधानी के महानगर इलाके स्थित शालीमार गैलेंट अपार्टमेंट में गुरुवार शाम गल्ला कारोबारी विवेक माहेश्वरी ने आठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। संयोग यह रहा कि उसी दिन उनका जन्मदिन भी था। घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन कुछ ही देर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, विवेक माहेश्वरी अपने परिवार के साथ शालीमार गैलेंट के बी ब्लॉक में रहते थे। गुरुवार शाम करीब पौने सात बजे वह फ्लैट की बालकनी में पहुंचे और नीचे छलांग लगा दी। नीचे रखे बड़े गमलों पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई।

परिजन उन्हें तुरंत महानगर स्थित भाऊराव देवरस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि विवेक पिछले कुछ समय से Depression में थे। हालांकि आत्महत्या की वजह क्या रही, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

विवेक माहेश्वरी डालीगंज में अशोक विशंभर दयाल फर्म के जरिए गल्ला कारोबार से जुड़े थे। उनका कारोबार शहर के कई बड़े होटलों तक फैला था, जहां आटा, दाल, चावल, मसाले समेत अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई की जाती थी। कारोबार जगत में उनकी पहचान मिलनसार और खुशमिजाज व्यक्ति के रूप में थी। परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि कारोबारी समुदाय में भी शोक का माहौल है। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button