लखनऊ, 11 मई 2026:
यूपी की राजनीति और सनातन संस्कृति का अनोखा संगम रविवार को देखने को मिला जब सीएम योगी ने फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को प्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा कर दी। मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सीएम, राज्यपाल, दोनों उप मुख्यमंत्री, नए मंत्री और जनप्रतिनिधि एक साथ लखनऊ के लोकभवन सभागार पहुंचे और विशेष स्क्रीनिंग के मौके पर श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित भव्य फिल्म देखी।
फिल्म शुरू होते ही पूरा सभागार भक्तिमय माहौल में डूब गया। कृष्णा-कृष्णा और राधे-राधे के जयघोष से लोकभवन गूंज उठा। करीब ढाई घंटे तक मुख्यमंत्री समेत पूरा मंत्रिमंडल एक साथ बैठकर फिल्म देखता रहा। इस दौरान सभी चेहरों पर उत्साह और आध्यात्मिक भाव साफ नजर आए।

सीएम योगी ने फिल्म को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और पुरातन विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि कृष्णावतारम् केवल मनोरंजन नहीं बल्कि भारतीय सभ्यता की आत्मा को जीवंत करने वाली प्रस्तुति है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया। साथ ही सूचना विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश के हर जनपद में इसकी विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कराई जाए, ताकि बच्चे और युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है। द्वापर युग की भव्यता, भारतीय संस्कृति की गहराई और सनातन परंपरा के विविध रंगों को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है। खास बात यह रही कि फिल्म में राधा, रुक्मिणी और सत्यभामा के साथ श्रीकृष्ण के संबंधों को अलग-अलग भावनात्मक स्वरूपों में चित्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने मंच से वृंदावन बिहारी लाल की जय और भारत माता की जय के उद्घोष भी लगाए। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद यह कार्यक्रम नए मंत्रियों के स्वागत के लिए भी यादगार क्षण बन गया। इस दौरान मुख्य अभिनेत्री संस्कृति ने मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि संस्कृति ने सत्यभामा की भूमिका को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निभाया है।
उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी नानी के लिए इससे गर्व का क्षण नहीं हो सकता कि उनकी नातिन संस्कृति और परंपरा से जुड़ी ऐसी फिल्म में शानदार अभिनय कर रही हो। राज्यपाल ने भी कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा पर आधारित ऐसी फिल्मों को बढ़ावा मिलना चाहिए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।






