Uttarakhand

धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे: जन-जन की सरकार थीम पर जश्न की तैयारी, ऋषिकेश से होगा आगाज

उत्तराखंड में ब्लॉक स्तरों पर जनकल्याण शिविर, विकास प्रदर्शनी व जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित, कल ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 3 जुलाई 2026ः

धामी सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर प्रदेशभर में जश्न मनाया जाएगा। इस अवसर पर जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार थीम पर आधारित विशेष कार्यक्रम होंगे। सभी ब्लॉक स्तरों पर जनकल्याण शिविर, विकास प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत चार जुलाई को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल मैदान से होगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे।

पूर्व मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कार्यक्रम जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार थीम पर आधारित होंगे। उन्होंने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, महिला स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।

प्रेमचंद अग्रवाल ने वर्ष 2022 से अब तक धामी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अतिरिक्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्णय सरकार की उपलब्धियों में शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के बेहतर समन्वय का लाभ उत्तराखंड को मिल रहा है। सीएम धामी प्रत्येक दिल्ली दौरे के दौरान राज्य के विकास से जुड़ी नई योजनाएं और परियोजनाएं लेकर आते हैं। उन्होंने ऑल वेदर रोड परियोजना, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम पुनर्निर्माण, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं को राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तड़ियाल, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता, कपिल गुप्ता, कविता शाह, दीपक धमीजा आदि मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button