योगेंद्र मलिक
देहरादून, 28 अप्रैल 2026:
मंगलवार को विधानसभा सत्र शुरू हो गया। इसके लिए देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। सत्र खत्म होने तक शहर में खास ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। कानून व्यवस्था और संभावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई अहम रूट डायवर्ट किए हैं और अलग-अलग जगहों पर बैरियर लगाए हैं।
शहर के प्रगति विहार, शास्त्रीनगर, बाईपास, डिफेंस कॉलोनी और विधानसभा तिराहे पर बैरियर लगाए गए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों की निगरानी होगी। भारी वाहनों के लिए अलग रूट तय किया गया है। ऐसे वाहन अब कारगी चौक और डोईवाला से दूधली रोड की तरफ भेजे जाएंगे। रिस्पना इलाके में दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को लालतप्पड़, हर्रावाला और नयागांव में रोका जाएगा।
देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी और चमोली जाने वाले वाहनों को नेहरू कॉलोनी और फव्वारा चौक से पुलिया नंबर 6 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाले वाहनों को माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी के रास्ते भेजा जाएगा।
मोहकमपुर से मसूरी जाने वाले वाहन जोगीवाला, रिंग रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए आगे बढ़ेंगे। वहीं मोहकमपुर से शहर की तरफ आने वाले वाहनों को विधानसभा तिराहा, रिस्पना, पुरानी बाईपास चौकी, धर्मपुर और ईसी रोड के रास्ते भेजा जाएगा।
जुलूस के लिए अलग व्यवस्था की गई है। अनुमति मिलने के बाद जुलूस हिम पैलेस होटल से शुरू होंगे और रेसकोर्स स्थित गुरु नानक ग्राउंड में पार्किंग रहेगी। जुलूस के दौरान प्रगति विहार बैरियर की तरफ बढ़ने पर रिस्पना से शहर आने वाले वाहनों को हरिद्वार बाईपास से पुरानी बाईपास की तरफ मोड़ा जाएगा।
यातायात दबाव बढ़ने पर डोईवाला से देहरादून आने वाली सिटी बसों को कैलाश अस्पताल के पास से यू-टर्न लेकर वापस भेजा जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से तय ट्रैफिक प्लान के मुताबिक चलने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।






