सीतापुर, 28 अप्रैल 2026:
सिधौली इलाके में एक शादी समारोह अखाड़ा बन गया। बारात में आए कुछ लोगों ने नशे में हंगामा खड़ा कर दिया। मामला महमूदाबाद मार्ग पर टडई कलां ग्रामसभा के मजरा हैदरगढ़ का है, जहां विवाद के बाद भाग रही कार की चपेट में आकर एक महिला की जान चली गई। घटना से आहत दुल्हन के पिता ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
लखनऊ के त्रिवेणीनगर स्थित शिवलोक मोहल्ले से श्याम बिहारी के बेटे संजय की बारात रामकुमार की बेटी शिल्पी के घर पहुंची थी। रात करीब 12 बजे कुछ बाराती नशे में धुत होकर खाने के ठंडा होने और डीजे बजाने को लेकर नाराज हो गए। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान राजू नाम का एक युवक कार लेकर मौके से भागने लगा। जल्दबाजी में वाहन अनियंत्रित हो गया और रास्ते में खड़े लोगों को टक्कर मारता चला गया। गांव का रास्ता न समझ पाने पर वह कार छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद वाहन कब्जे में ले लिया गया।
हादसे में शोभेलाल 65, कांती 50 और रामनरेश 30 गंभीर रूप से घायल हुए। सभी को सीएचसी सिधौली ले जाया गया। कांती की हालत बिगड़ने पर उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है।
घटना के बाद माहौल पूरी तरह बदल गया और दुल्हन के पिता रामकुमार ने शादी करने से इनकार कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।






