Lucknow City

पार्टी कार्यक्रम में बिगड़ी राजेंद्र चौधरी की तबीयत, सिविल अस्पताल पहुंचे अखिलेश व ब्रजेश पाठक

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम के दौरान अचानक गिर पड़े, डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी, अस्पताल की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

लखनऊ, 3 जुलाई 2026:

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी की शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम शरण दास की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मंच की ओर बढ़ते समय करीब 11:15 बजे वह लड़खड़ाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पार्टी नेताओं ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, हालांकि अस्पताल की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। विशेषज्ञ डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।

राजेंद्र चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। अखिलेश यादव ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टर इलाज कर रहे हैं। अगर जरूरत महसूस हुई तो उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।

कुछ देर बाद उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत के बाद बताया कि राजेंद्र चौधरी को की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। उनके मुताबिक प्रो. भुवन चंद्र तिवारी की अगुवाई में डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही है। डॉक्टरों की सलाह के आधार पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया जाएगा।
sp-leader-rajendra-chaudhary-health-worsens-admitted-civil-hospital-lucknow (2)

राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही अस्पताल में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया। पूरे घटनाक्रम पर पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

राजेंद्र चौधरी समाजवादी पार्टी के सबसे अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। मुलायम सिंह यादव के दौर से ही वह संगठन की अहम जिम्मेदारियां निभाते आ रहे हैं। वर्ष 2021 से वह विधान परिषद के सदस्य हैं। फिलहाल पार्टी के मुख्य प्रवक्ता होने के साथ उत्तराखंड के राज्य प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत 1978 में चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व में हुई थी। वर्ष 2002 में मुलायम सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रहे, जबकि 2013 में अखिलेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के तौर पर जेल और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button