Lucknow City

आग से पहले अलर्ट : व्यापारियों को फायर सेफ्टी का गुरुमंत्र, नियमों पर प्रशासन ने दिया सहयोग का भरोसा

लखनऊ व्यापार मंडल के संवाद कार्यक्रम में फायर अफसरों ने लाइव डेमो से सिखाए बचाव के तरीके, व्यापारियों ने मांगा सुरक्षा मानकों के पालन के लिए पर्याप्त समय

लखनऊ, 4 जुलाई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के लाटूश रोड स्थित लखनऊ व्यापार मंडल कार्यालय में शनिवार को आग से बचाव और अग्नि सुरक्षा जागरूकता संवाद का आयोजन किया गया। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में होटल, रेस्टोरेंट तथा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मकसद व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना था।

लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल और अग्निशमन अधिकारी पुष्पेंद्र यादव ने आग लगने की घटनाओं से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों का लाइव डेमो देकर व्यापारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया।

Fire Safety Drive Traders Get Smart Tips Today (1)

अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि हर व्यापारी अपने प्रतिष्ठान, कर्मचारियों और करोड़ों रुपये की संपत्ति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए व्यापारियों को पर्याप्त समय और आवश्यक सहयोग देने की मांग की। इस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए पर्याप्त समय और पूरा सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा जिससे सभी प्रतिष्ठान सुरक्षित वातावरण में संचालित हो सकें।

प्रमुख वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन हर व्यापारी की जिम्मेदारी है। नियमित प्रशिक्षण और जागरूकता से आग जैसी दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम की जा सकती है। वहीं राजेंद्र कुमार अग्रवाल और अनिल विरमानी ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच, रखरखाव तथा प्रशासन और व्यापारी संगठनों के बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सुहेल हैदर अली, देवेंद्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, सतीश अग्रवाल, सोमेश मिश्रा, प्रियंक गुप्ता, अजय पिपलानी, गोपाल अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा, मनजीत सिंह दुआ, सुमित गुप्ता, जगजीत सिंह जग्गा, नितिन जैन, विशाल चौरसिया, रिंकू यादव, अनुराग मिश्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button