Lucknow City

दोपहर में छाया अंधेरा, आंधी-बारिश से हाहाकार, मोहनलालगंज में मौसम का विकराल कहर

तेज हवाओं से उड़े टीनशेड, गिरे पेड़ और बिजली का खंभा, शादी के टेंट तक उजड़े, कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

एमएम खान

लखनऊ/मोहनलालगंज, 29 अप्रैल 2026:

भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक राहत तो दी लेकिन यह राहत कई इलाकों में भारी आफत बनकर आई। राजधानी लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में अचानक आसमान में काले घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा सा छा गया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश और बूंदाबांदी ने जहां तापमान में गिरावट लाई वहीं मोहनलालगंज, निगोहां और नगराम क्षेत्रों में मौसम ने विकराल रूप धारण कर लिया।

इन इलाकों में आंधी और बारिश ने तबाही मचाई। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों का सड़कों पर खड़ा रहना तक मुश्किल हो गया। बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दुकानों और सुरक्षित स्थानों में शरण लेने को मजबूर हो गए। कई जगह टीनशेड उड़ गए और सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हुआ।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 4.56.13 PM

निगोहां क्षेत्र के जफर आलम के घर की टीनशेड तेज हवा में उड़ गई जबकि पानी की टंकी भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मोहनलालगंज में चाय की दुकान चलाने वाले गोलू विश्वकर्मा ने बताया कि अचानक आई आंधी ने उनकी दुकान का सामान उड़ा दिया। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि मौसम ने इतनी तेजी से करवट बदली कि संभलने का मौका ही नहीं मिला।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 4.56.30 PM

आंधी का असर पेड़ों पर भी साफ देखने को मिला। निगोहां और नगराम में कई स्थानों पर नीम, आम और महुए के बड़े-बड़े पेड़ धराशायी हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अधिकांश जगहों पर किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं मिली लेकिन कल्याण खेड़ा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। तेज हवा में उड़कर गिरी टीनशेड पर रखी ईंट गिरने से आशाराम की 14 वर्षीय बेटी माही गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौसम के इस कहर ने खुशियों के माहौल को भी नहीं बख्शा। निगोहां के गोडियन खेड़ा गांव में वंशीलाल के घर बुधवार शाम बेटी शीलू की बारात आनी थी लेकिन दोपहर में आए तूफान ने शादी की तैयारियों को तहस-नहस कर दिया। तेज हवा के चलते टेंट उड़ गया और बन रहे व्यंजन भी खराब हो गए। हालांकि गांव वालों ने एकजुटता दिखाते हुए तुरंत मदद शुरू की और दोबारा व्यवस्थाएं संभालने में जुट गए।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 4.56.11 PM (1)

तेज आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। निगोहा-नगराम मार्ग पर हाईटेंशन लाइन का एक खंभा टूटकर सड़क पर गिर गया। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को जल्द बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मौसम की इस अचानक बदली करवट ने गर्मी से राहत देने के साथ कई परिवारों के लिए यह आफत बनकर सामने आई।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button