Uttar Pradesh

गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण : CM योगी बोले… UP की अर्थव्यवस्था की नई रीढ़ बनेगा ये महामार्ग

594 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे से 12 जिलों को कनेक्टिविटी, 1 लाख किसानों का योगदान, इंडस्ट्रियल हब और डिफेंस कॉरिडोर से बढ़ेंगी रोजगार की संभावनाएं

हरदोई/लखनऊ, 29 अप्रैल 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को यूपी के हरदोई में बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई रफ्तार दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे यूपी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए प्रधानमंत्री के विजन की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री द्वारा इस एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया गया था और आज उसी परियोजना का लोकार्पण हो रहा है। उन्होंने हरदोई को भगवान विष्णु के परमभक्त प्रह्लाद और नरसिंह की पावन भूमि बताते हुए प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

योगी ने कहा कि कोरोना महामारी जैसे चुनौतीपूर्ण समय में भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करना नए भारत की कार्यशैली को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे केवल दूरी कम करने का माध्यम नहीं बल्कि प्रदेश में औद्योगिक और आर्थिक क्रांति का आधार बनेगा।

WhatsApp Image 2026-04-29 at 4.27.33 PM

मुख्यमंत्री के मुताबिक मेरठ से प्रयागराज तक फैला 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे 12 जिलों को जोड़ता है। इसके निर्माण के लिए करीब 18 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई। इसमें लगभग एक लाख किसानों का योगदान रहा। इसके साथ ही 27 स्थानों पर इंडस्ट्रियल हब और लॉजिस्टिक क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं जिनके लिए करीब 7 हजार एकड़ अतिरिक्त भूमि ली गई है।

योगी ने कहा कि यह परियोजना डिफेंस कॉरिडोर को भी मजबूती देगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये एक्सप्रेस-वे किसानों की उन्नति और प्रदेश की समृद्धि के एक्सप्रेस-वे हैं। योगी ने 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश परिवारवाद, जातिवाद, दंगों और अराजकता से जकड़ा हुआ था, जहां विकास और निवेश की कल्पना भी मुश्किल थी। लेकिन पिछले 9 वर्षों में डबल इंजन सरकार के चलते प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, हाइवे और ग्रामीण सड़कों का करीब 4 लाख किलोमीटर का मजबूत नेटवर्क तैयार हुआ है।

उन्होंने बताया कि अब हर जिला मुख्यालय, ब्लॉक और तहसील को बेहतर सड़कों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही 7 शहरों में मेट्रो सेवा और देश की पहली रैपिड रेल के संचालन से कनेक्टिविटी को नया आयाम मिला है। संबोधन के अंत में सीएम योगी ने जय-जय श्री राम के उद्घोष के साथ कार्यक्रम को ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button