Lucknow City

लोजपा : नव संकल्प सभा में पहुंचे चिराग, बोले- पिता रामविलास के सपनों को मिलकर करेंगे पूरा

लखनऊ में रामविलास पासवान की जयंती पर जुटे यूपी-बिहार के सैकड़ों कार्यकर्ता, संगठन विस्तार पर भी दिया जोर, जाति की राजनीति से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने की अपील, समर्थकों ने लगाए जोरदार नारे

लखनऊ, 5 जुलाई 2026:

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अपने पिता रामविलास पासवान की जयंती पर आयोजित नव संकल्प सभा में हिस्सा लिया। चिराग ने कहा कि पार्टी अपने संगठनात्मक विस्तार के विज़न के साथ देशभर में संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। इसी रणनीति के तहत उत्तर प्रदेश में भी पार्टी संगठन को सशक्त कर पिता के अधूरे सपनों को पूरा करेगी।

लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक स्व. राम विलास पासवान की जयंती पर इस कार्यक्रम में यूपी और बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और पदाधिकारी पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया। चिराग पासवान ने हाथ जोड़ झुककर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

मंच पर चिराग पासवान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके पिता के विचार आज भी उन्हें प्रेरित करते हैं। बचपन से मिली सीख हमेशा याद रहती है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान के जो सपने और संकल्प थे, उन्हें पूरा करने के लिए उन्हें जनता और कार्यकर्ताओं का साथ चाहिए। वह ऐसा उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं, जहां जात-पात की राजनीति की जगह सामाजिक एकता को महत्व मिले। उन्होंने कहा कि यह काम अकेले संभव नहीं है, इसमें सभी लोगों का सहयोग जरूरी है।
chirag-paswan-ljp-nav-sankalp-sabha-lucknow-visit-up-expansion (2)

उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा समाज को बांटने की राजनीति की, जबकि उनकी पार्टी लोगों को जोड़ने में विश्वास रखती है। चिराग पासवान ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि जब मोबाइल फोन आम लोगों की पहुंच से दूर था, तब रामविलास पासवान ने सपना देखा था कि हर घर, हर हाथ, यहां तक कि रिक्शा और ठेला चलाने वाले लोगों तक भी मोबाइल पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज वह सपना साकार होता दिखाई देता है।
3

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने धरती गूंजे आसमान, भाई चिराग पासवान जैसे नारों से पूरा हॉल गूंजा दिया। प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने कहा कि रामविलास पासवान ने हमेशा बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाया और गरीब, मजदूर, किसान, पिछड़े वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ी।

उत्तर प्रदेश प्रभारी और जमुई से सांसद अरुण भारती ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अपने संगठन को देशभर में मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश में भी संगठन का तेजी से विस्तार किया जाएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button